अनिल मिश्र / रांची
झारखंड प्रदेश के रामगढ़ जिला अन्तर्गत दुलमी प्रखंड के जनता उच्च विद्यालय, होन्हे में स्थानीय विधायक ममता देवी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में दर्जनों छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। विधायक ममता देवी ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने जन्मदिन, शादी, शादी की सालगिरह, बच्चों के जन्म, गृह प्रवेश एवं अन्य सभी शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी देखभाल का भी संकल्प लें। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन के प्रत्येक शुभ अवसर पर एक पौधा लगाए, तो हमारा समाज और पर्यावरण दोनों अधिक समृद्ध और सुरक्षित बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से भी आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हुए अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस जन अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। मौक पर दुलमी प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सह कांग्रेस प्रवक्ता एवं मीडिया चेयरमैन सुधीर मंगलेश, विद्यालय के सचिव गंगाधर महतो, प्रधानाध्यापक नवरोतम कुमार, राजनदन महतो, भेदोराम, दीपक कुमार, सुनील कुमार, हरिदास कुमार, पवन, महेंद्र ओहदार, लिलेश्वर महतो, हेमलाल महतो, किशोर कुमार, देवती देवी, अर्चना देवी, छोटन महतो, उत्तम कुमार, शिवकुमार, विनोद कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
