मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई की बेटियां खतरे में!

मुंबई की बेटियां खतरे में!

-स्कूल से चंद कदम दूर १३ साल की छात्रा का अपहरण
-सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म
-अश्लील तस्वीरों से महीनों ब्लैकमेलिंग का आरोप

फिरोज खान / मुंबई
मुंबई में बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। माहिम इलाके में स्कूल से घर लौट रही १३ वर्षीय छात्रा के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नाबालिग युवक और उसके साथी ने बच्ची को जबरन दोपहिया वाहन पर बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ ज्यादती की। इसके बाद उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना १८ जून की बताई जा रही है। आरोप है कि बच्ची के हाथ-पैर और मुंह बांधकर उसके साथ मारपीट की गई और तस्वीरों के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया। डर और धमकियों के कारण पीड़िता लंबे समय तक चुप रही। आखिरकार हिम्मत जुटाकर उसने माहिम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले ने स्कूलों और उनके आसपास नाबालिगों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का सवाल है कि स्कूल से महज कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी वैâमरे और सुरक्षा व्यवस्था आखिर किस काम की है? स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की निगरानी और पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपियों के प्रभावशाली परिवारों से होने के कारण मामले को दबाने की कोशिश का डर बना हुआ है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। पीड़िता का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद अभिभावकों में आक्रोश है। सवाल सीधा है कि जब स्कूल के आसपास भी बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं, तो ‘बेटी बचाओ’ जैसे नारों का जमीनी सच क्या है?
स्कूल के बाहर बेटियां असुरक्षित!
माहिम की १३ वर्षीय छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्कूल से घर लौटती बच्ची को निशाना बनाए जाने से अभिभावकों में आक्रोश है। सवाल है—जब स्कूल के आसपास सुरक्षा नहीं, तो मुंबई की बेटियां आखिर जाएं कहां?

अन्य समाचार