मुख्यपृष्ठनए समाचारपीके की मुलाकात ने लगाई आग!

पीके की मुलाकात ने लगाई आग!

– दादा गुट में दो फाड़ की अटकलें तेज
-तटकरे के पंख कतरने की चर्चा पर भड़के भरणे

सामना संवाददाता / मुंबई

अजीत पवार गुट में सब कुछ ठीक होने के दावों के बीच राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से मुलाकात ने सियासी हलचल तेज कर दी है। इस मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे को हटाने या उनकी भूमिका सीमित करने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।
प्रशांत किशोर और सुनेत्रा पवार की मुलाकात के बाद ऐसी चर्चा शुरू हुई कि पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव की तैयारी है और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे के भविष्य को लेकर मंथन किया जा रहा है। यह भी चर्चा है कि प्रशांत किशोर ने पार्टी को लेकर अपनी रणनीतिक राय रखी, जिसमें तटकरे को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने का सुझाव दिया गया है।
हालांकि, प्रशांत किशोर की सुनेत्रा पवार से मुलाकात से पार्टी के भीतर किसी बदलाव की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके बाद उठी चर्चाओं ने अजीत पवार गुट की आंतरिक राजनीति को जरूर सुर्खियों में ला दिया है। पार्टी में तटकरे की भूमिका को लेकर पर्दे के पीछे कोई नई रणनीति बन रही है या नहीं, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। पीके की मुलाकात के बाद उठे इन सवालों ने दादा गुट की राजनीति को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
इन अटकलों ने अजीत पवार गुट के भीतर संभावित मतभेदों को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। हालांकि, तटकरे के समर्थकों ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को बदलने को लेकर न तो कोई चर्चा हुई है और न ही प्रशांत किशोर ने ऐसा कोई सुझाव दिया है।
‘दादा गुट में सब ठीक है’ का दावा
पार्टी प्रवक्ता उमेश पाटील द्वारा पवार परिवार को जानबूझकर परेशान किए जाने का सवाल उठाए जाने के बाद पार्टी में अंदरूनी खींचतान की चर्चा और तेज हो गई थी। हालांकि, भरणे ने इन बातों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी में कुछ भी गलत नहीं चल रहा है।

अन्य समाचार