मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन: फुटबॉल सुंदरी को ब्रेन ट्यूमर

आउट ऑफ पवेलियन: फुटबॉल सुंदरी को ब्रेन ट्यूमर

अमिताभ श्रीवास्तव

-मगर ब्रेन ट्यूमर का पता चलने के बाद से वह खेल से दूर हो गई।
-राइट का आरोप है कि गार्डनर का टीम की एक जूनियर खिलाड़ी के साथ रिश्ता रहा।

यह एक दुखद खबर है। टोरक्वे की १८ वर्षीय फुटबॉलर को ब्रेन ट्यूमर का पता चला है। डेवॉन क्लब की महिला टीम ने इंस्टाग्राम पर सीजन की सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी रॉक्सी थॉमस के बारे में यह खबर साझा की। टोरक्वे ने पुष्टि की है कि थॉमस १६ साल की उम्र में पदार्पण करने के बाद अभी एक साल पहले क्लब में शामिल हुई थीं। मगर ब्रेन ट्यूमर का पता चलने के बाद से वह खेल से दूर हो गई। इस सप्ताह उसकी दो सर्जरी हुई हैं। क्लब ने इस लेफ्ट-बैक सुंदरी के लिए अपना समर्थन दिखाया और एक शानदार संदेश साझा किया। थॉमस रयान पर्क्स की टीम की एक प्रमुख सदस्य थीं, जिसने अपराजित रहते हुए साउथ वेस्ट रीजनल विमेंस फुटबॉल लीग प्रीमियर डिवीजन का खिताब जीता और एफए विमेंस नेशनल लीग में वापसी का मौका हासिल किया। टोरक्वे यूनाइटेड विमेन ने डेवोन विमेंस प्रीमियर कप और लीग कप जीतकर शानदार तिहरा खिताब अपने नाम किया। उन्होंने थॉमस की खेलते हुए एक तस्वीर साझा की और कहा, ‘टोरक्वे यूनाइटेड में हर कोई महिला टीम की खिलाड़ी रॉक्सी थॉमस और उनके परिवार को ब्रेन ट्यूमर के निदान के बाद अपना प्यार और समर्थन भेज रहा है।’
क्रिकेट की समलैंगिक जोड़ी में दरार
अब यह तो होना ही था। क्रिकेट इतिहास में समलैंगिक शादी कर मशहूर हुई जोड़ी इन दिनों दरार झेल रही है। ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान एशले गार्डनर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा उनके मैदान पर प्रदर्शन की नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़े विवाद की है। गार्डनर से अलग रह रहीं मोनिका राइट ने उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। राइट ने इस मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। मोनिका राइट ने एशले गार्डनर और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर जॉर्जिया वॉल के बीच कथित संबंधों का मुद्दा उठाया है। उनका आरोप है कि गार्डनर का टीम की एक जूनियर खिलाड़ी के साथ रिश्ता रहा। राइट का मानना है कि यदि किसी रिश्ते में वरिष्ठ और जूनियर खिलाड़ी के बीच प्रभाव या शक्ति का असंतुलन हो, तो क्रिकेट बोर्ड को इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। राइट ने राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों की जिम्मेदारी का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, देश का प्रतिनिधित्व करने वाले और नेतृत्व की भूमिका निभाने वाले क्रिकेटरों से सामान्य खिलाड़ियों की तुलना में अधिक जिम्मेदारी और बेहतर आचरण की अपेक्षा की जाती है। हालांकि, यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि राइट द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। गार्डनर की ओर से भी इन आरोपों पर फिलहाल कोई विस्तृत सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राइट ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से गार्डनर को उपकप्तानी से हटाने की भी मांग की है।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार