मुख्यपृष्ठस्तंभउत्तर की बात: आरक्षण पर भागवत का बयान; भड़कीं मायावती

उत्तर की बात: आरक्षण पर भागवत का बयान; भड़कीं मायावती

रोहित माहेश्वरी / लखनऊ

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत के आरक्षण संबंधी बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मायावती ने कहा कि आरक्षण में ‘क्रीमी लेयर’ की बात करना बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के उद्देश्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग लंबे समय से जातिगत भेदभाव और शोषण झेलते आए हैं। आज भी इन वर्गों के साथ अन्याय पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मायावती ने आरएसएस से आरक्षण के मुद्दे पर राजनीति नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और संविधान के अनुरूप आरक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जाना चाहिए।
प्रयागराज में राहुल की हुंकार, युवाओं ने दिखाई ताकत
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को पार्टी ने सफल बताते हुए इसे युवाओं की बड़ी भागीदारी वाला कार्यक्रम करार दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल नजर आया। हालांकि भीड़ की संख्या को लेकर राजनीतिक दलों के दावे अलग-अलग हैं। राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बेरोजगारी, परीक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भारत के पास बड़ी युवा आबादी है, लेकिन रोजगार के अवसर सीमित हैं। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों और भविष्य के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।
अखिलेश ने सीमाओं को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चीन के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि चीन अरुणाचल प्रदेश में धीरे-धीरे कब्जा बढ़ा रहा है। पोस्ट में अखिलेश ने लिखा, ‘परिसीमन की नहीं, सीमाओं की चिंता करो।’ उन्होंने अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख-अक्साई चिन, पेंगोंग झील, गलवान और डोकलाम का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार से सवाल किया कि २०१४ में भाजपा सरकार बनने के बाद देश के क्षेत्रफल को लेकर कौन-सा कथन सही है-क्षेत्रफल बढ़ा, घटा, समान रहा या सरकार को पता नहीं।

अन्य समाचार