उमेश गुप्ता / वाराणसी
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत वाराणसी के केंद्रीय कारागार में आज तिरंगा यात्रा निकाली गई। वरिष्ठ कारागार अधीक्षक रामकृष्ण मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में जेल प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ और ‘आवाज दो, हम एक हैं’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस यात्रा में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को छोड़कर कारागार के करीब 150 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इसमें बाबू, फार्मासिस्ट सहित कारागार के विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
वरिष्ठ कारागार अधीक्षक रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 अगस्त को केंद्रीय कारागार में स्टाफ द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई।
उन्होंने बताया कि कारागार के भीतर बंदियों ने भी राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए अलग-अलग सर्किलों में तिरंगा यात्रा निकाली। बंदियों ने टोली बनाकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। वरिष्ठ अधीक्षक ने कहा कि भले ही ये लोग वर्तमान में कारागार में बंद हैं, लेकिन उनके भीतर भी देश के प्रति सम्मान, जज्बा और राष्ट्रभक्ति की भावना मौजूद है।
कारागार प्रशासन की ओर से सर्किल-दर-सर्किल जाकर बंदियों को तिरंगा यात्रा में शामिल किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया। ‘हर घर तिरंगा’ पखवाड़े के माध्यम से जेल प्रशासन ने भी राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
