मुख्यपृष्ठसमाचारजेपीएससी पेपर लीक के विरोध में अभाविप का जोरदार प्रदर्शन, हेमंत सोरेन...

जेपीएससी पेपर लीक के विरोध में अभाविप का जोरदार प्रदर्शन, हेमंत सोरेन का पुतला दहन

अनिल मिश्र / पटना

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गया महानगर द्वारा जेपीएससी पेपर लीक मामले में आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गया टावर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं छात्र नेताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि पेपर लीक युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला है। जिस सरकार को छात्रों के अधिकारों और भविष्य की रक्षा करनी चाहिए, वही सरकार अपने हक की आवाज उठाने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज करवा रही है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।
प्रांत एसएफडी संयोजक सूरज सिंह ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार युवाओं के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन आज वही सरकार युवाओं की आवाज दबाने में लगी है। जेपीएससी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटना केवल एक परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य, मेहनत और सपनों के साथ विश्वासघात है। सरकार यदि दोषियों को बचाने का प्रयास करती है और न्याय की मांग कर रहे छात्रों पर लाठियां चलवाती है तो अभाविप इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठी चलाने से उनकी आवाज नहीं दबेगी, बल्कि सरकार के खिलाफ आक्रोश और तेज होगा।
वहीं, जिला संयोजक विनायक कुमार ने कहा कि झारखंड में पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों ने युवाओं के बीच गहरा आक्रोश पैदा किया है। मेहनत करने वाला विद्यार्थी परीक्षा की तैयारी में अपना वर्षों का समय और परिवार का पैसा लगाता है, लेकिन पेपर लीक होने के बाद उसकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। ऐसे मामलों में सरकार की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों को न्याय देने के बजाय उनके आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है, जिसे अभाविप स्वीकार नहीं करेगी।
इस बीच अभाविप ने झारखंड सरकार से मांग की कि जेपीएससी पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा आंदोलनरत छात्रों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा कर उन्हें न्याय दिया जाए।
इस संबंध में अभाविप ने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रों के भविष्य के साथ न्याय नहीं होगा, तब तक विद्यार्थी परिषद युवाओं की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।
इस मौके पर पवन मिश्रा, लक्ष्मीकांत कुमार, नीरज कुमार, यशवंत कुमार, प्रिंस कुमार, चंदन शर्मा, निखिल कुमार, रितिक कुमार, शशि चौहान, शिवानी कुमारी, सुरभि कुमारी, नीतीश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद थे।

अन्य समाचार