-नौ सूत्री मांगों को लेकर जताया विरोध
अनिल मिश्र / पटना
बिहार राज्य संबद्ध डिग्री कॉलेज शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ (फैक्टनेब) के आह्वान पर शुक्रवार को महाबोधि कॉलेज, बेलागंज के शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर अपने हाथों में नौ सूत्री मांगों के समर्थन में पोस्टर लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में बिहार राज्य संबद्ध डिग्री कॉलेज शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ के मगध विश्वविद्यालय अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मिट्ठू, महाबोधि कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार, प्रो. बैदेही शरण सिंह, प्रो. विनोद कुमार टुनी, प्रो. मदन कुमार, प्रो. अश्विनी कुमार, डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, प्रो. अजय कुमार, प्रो. रंजीत भारद्वाज, प्रो. सुनील कुमार, प्रो. ब्रजेश शर्मा, प्रो. सूर्यदेव यादव, प्रो. प्रतिमा कुमारी, प्रो. सुनील पांडेय, प्रो. सत्येंद्र कुमार, अशोक कुमार सिंह, बैकुंठ शर्मा, भूषण शर्मा, निशांत कुमार मुन्ना, निमिष भारद्वाज, अभिषेक कुमार सिन्हा, सुधीर कुमार, संटू शर्मा, मनोज कुमार, नंदनी कुमारी, नमिता कुमारी, सौरभ प्रियदर्शी, संतन कुमार, रामकिशोर, अभिषेक कुमार समेत अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रदर्शन में शामिल शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कहा कि 40 वर्षों से वेतन-पेंशन, वर्षों से लंबित अनुदान सहित अन्य मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है, लेकिन सरकार ने अब तक चुप्पी साध रखी है। उन्होंने कहा कि संबद्ध डिग्री कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को सरकारी कॉलेज की तर्ज पर नियमित वेतनमान एवं पेंशन देने का आदेश सर्वोच्च न्यायालय एवं पटना उच्च न्यायालय द्वारा दिए जाने के बावजूद सरकार के स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के संबद्ध डिग्री कॉलेजों, जहां बिहार के करीब 65 प्रतिशत छात्र अध्ययन करते हैं, के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को वेतनमान और पेंशन देने के मुद्दे के समाधान के लिए मुख्य सचिव के नेतृत्व में समिति गठित करने की बात कही थी। लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी अब तक समिति की एक भी बैठक नहीं हुई है।
इस दौरान उपस्थित शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने कहा कि आज पूरे बिहार के संबद्ध डिग्री कॉलेजों में काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। आगामी 2 सितंबर को मगध विश्वविद्यालय मुख्यालय, बोधगया में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन मगध विश्वविद्यालय के कुलपति को सौंपा जाएगा।
