-सरकारी चैनल पर प्रसारित वीडियो में १० मिलियन डॉलर के इनाम का दावा
वॉशिंगटन / तेहरान
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने अब बेहद खतरनाक और व्यक्तिगत मोड़ ले लिया है। ईरानी सरकारी टेलीविजन के चैनल-३ पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के २० वर्षीय बेटे बैरन ट्रंप को निशाना बनाता एक वीडियो प्रसारित किया गया है। वीडियो में दावा किया गया कि बैरन की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और उनकी हत्या के लिए १० मिलियन डॉलर का इनाम रखा गया है। हालांकि, इस कथित इनाम की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यह वीडियो ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से जुड़े मीडिया द्वारा तैयार बताया जा रहा है। इसमें बैरन के विश्वविद्यालय, सुरक्षा वाहनों और सीक्रेट सर्विस की तैनाती से जुड़ी कथित जानकारियां दिखाई गईं। वीडियो में यह दावा भी किया गया कि एक महिला बैरन की सुरक्षा घेरे को पार कर उनके पास तक पहुंच चुकी थी। इन दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने पुष्टि की है कि उसे इस वीडियो की जानकारी है। एजेंसी ने कहा कि वह अपने संरक्षण में रहने वाले लोगों के खिलाफ संभावित खतरों की जांच करती है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से जांच का विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं किया जाता।
यह पहला मामला भी नहीं है। इससे पहले ईरानी सरकारी मीडिया में मेलानिया ट्रंप की सुरक्षा और गतिविधियों को लेकर भी इसी तरह की सामग्री प्रसारित की जा चुकी है। राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ भी ईरान से जुड़े मंचों पर धमकी भरे संदेश सामने आते रहे हैं।
टकराव बना व्यक्तिगत प्रतिशोध
मामले की गंभीरता इसलिए और बढ़ जाती है क्योंकि अमेरिका ने हाल में ईरान पर आर्थिक दबाव और नए प्रतिबंध तेज किए हैं। ऐसे समय में राष्ट्रपति के परिवार को सीधे निशाना बनाने वाला सरकारी प्रसारण दोनों देशों के बीच टकराव को कूटनीतिक और सैन्य दायरे से निकालकर व्यक्तिगत प्रतिशोध की दिशा में ले जाता दिखाई देता है।
