मुख्यपृष्ठनए समाचार12 फीट के गड्ढे में उतरा युवक...पानी के बीच धरना...वाराणसी के सुजाबाद...

12 फीट के गड्ढे में उतरा युवक…पानी के बीच धरना…वाराणसी के सुजाबाद में गूंजा ‘नगर निगम मुर्दाबाद’ का नारा…बड़े आंदोलन की चेतावनी

उमेश गुप्ता / वाराणसी

सुजाबाद के बहादुरपुर बड़ा क्षेत्र में सड़क पर बना करीब 10 से 12 फीट गहरा गड्ढा अब लोगों के लिए जानलेवा खतरा बन गया है। गड्ढे में भरे पानी के बीच स्थानीय युवक पंकज यादव उतर गए और धरने पर बैठकर नगर निगम व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
“नगर निगम मुर्दाबाद… अधिकारी मुर्दाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि सड़क की बदहाल स्थिति और गड्ढे की समस्या से जिम्मेदारों को लगातार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
पंकज यादव ने कहा कि 10-12 फीट गहरा गड्ढा किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। पानी भरा होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को गड्ढे की गहराई का अंदाजा तक नहीं हो पाता। ऐसे में कभी भी कोई व्यक्ति या वाहन इसमें गिरकर गंभीर हादसे का शिकार हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर दो से तीन दिनों के भीतर गड्ढे को भरकर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो क्षेत्रवासी बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का निरीक्षण कराने और स्थायी समाधान की मांग की है।
प्रदर्शन में विजय यादव, संजय कसेरा, विकास यादव, सेराज कुरैशी, मनोज यादव, संतोष यादव, रोहित यादव, सूरज साहनी, रितेश सागर, शिवम, अमन, कमलेश पासवान, प्रिंस विश्वकर्मा, रितेश यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
अब सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद जागेगा नगर निगम, या उससे पहले ही इस जानलेवा गड्ढे को भरकर लोगों को राहत दी जाएगी?

अन्य समाचार