मुख्यपृष्ठनए समाचारअमेजॉन से इतना ही प्रेम है तो  अपने गांव ले जाओ डेटा...

अमेजॉन से इतना ही प्रेम है तो  अपने गांव ले जाओ डेटा सेंटर!.. आदित्य ठाकरे का शिंदे पर जोरदार हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

महायुति सरकार में क्षेत्र का विकास नहीं, बल्कि विनाश किया जा रहा है। वर्तमान में ‘कॉन्ट्रैक्टर आधारित अर्थव्यवस्था’ चलाई जा रही है। शहर को कौन सुधार रहा है और कौन बिगाड़ रहा है, यह नागरिकों को भी समझने नहीं दिया जा रहा है। ऐसे तीखे शब्दों में शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने महायुति सरकार की नीतियों पर हमला बोला।
ठाणे के बालकुम में प्रस्तावित डेटा सेंटर के मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाते हुए आदित्य ठाकरे ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध डेटा सेंटर से नहीं, बल्कि आबादी वाले क्षेत्र के बीच इतनी बड़ी क्षमता का प्रोजेक्ट स्थापित किए जाने से है। उन्होंने कहा कि जब उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने स्पष्ट किया था कि विकास टिकाऊ होना चाहिए। लेकिन मौजूदा सरकार पर्यावरण विरोधी विकास करने में जुटी है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि कुछ दिन पहले ही उन्हें इस डेटा सेंटर के बारे में जानकारी मिली। २२ मंजिल का यह डेटा सेंटर फेज-१ और फेज-२ के तहत कुल ५३ एकड़ जमीन पर बनाया जाना है। इतने बड़े प्रोजेक्ट से बालकुम क्षेत्र के नागरिकों के जीवन पर क्या असर पड़ेगा, क्या इसका विचार किया गया है? उन्होंने यह सवाल उठाया।
ठाणे की हरियाली पर भी सरकार को घेरा
आदित्य ठाकरे ने कहा कि ठाणे की पहचान ‘पेड़ों का शहर’ के रूप में है, लेकिन शहर में करीब ३,५०० पेड़ काटने की तैयारी की जा रही है। कंक्रीटीकरण से गर्मी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सबसे पहले पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। बसों के रूट बदले जा सकते हैं, लेकिन एक बार पिलर खड़े हो गए तो उन्हें बदलना संभव नहीं होगा।
सत्ता में आए तो परियोजना यहां से हटाएंगे
आदित्य ठाकरे ने बालकुम के नागरिकों को आश्वासन देते हुए कहा, ‘अगर हमारी सरकार आई तो यह परियोजना यहां से हटा देंगे। यदि आप सभी एकजुट होकर लड़ने के लिए तैयार हैं तो हम राजनीतिक मतभेदों को अलग रखकर आपके साथ लड़ने के लिए तैयार हैं।’

अन्य समाचार