-विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा-काला कानून वापस नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज
अनिल मिश्र / रांची
केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) MMDR संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में झामुमो की ओर से गढ़वा जिले के भवनाथपुर प्रखंड मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने सूर्य मंदिर परिसर से जुलूस निकाला, जो मुख्य बाजार होते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव (छोटे राजा) ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया यह कानून झारखंड के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि इसे वापस लेना होगा, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।इस बीच विधायक ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार मंईयां सम्मान योजना को रोकने का प्रयास कर रही है, लेकिन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की जनता को योजना का लाभ देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है।विधायक अनंत प्रताप देव ने प्रखंड की व्यवस्था को लेकर बीडीओ एवं सीओ पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोगों को परेशान करना बंद करें। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड कार्यालय की व्यवस्था को खिलवाड़ बनाकर रख दिया गया है। वहीं झामुमो केंद्रीय समिति के सदस्य ताहिर अंसारी ने कहा कि MMDR संशोधन विधेयक के खिलाफ लड़ाई झारखंड के सवा तीन करोड़ लोगों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि राज्य की 51 लाख बहनों को मंईयां सम्मान योजना के तहत प्रतिमाह 2500 रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार MMDR विधेयक लाकर झारखंड के हितों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा ।इस संबंध में ताहिर अंसारी ने कहा कि यदि केंद्र सरकार खान एवं खनिज संशोधन विधेयक वापस नहीं लेती है तो आंदोलन चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन का पहला चरण प्रखंड स्तर से शुरू हुआ है। इसके बाद जिला मुख्यालय, रांची के मोरहाबादी मैदान और आवश्यकता पड़ने पर दिल्ली तक आंदोलन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में झामुमो युवा नेता मानवेंद्र प्रताप देव (मन्नू बाबा) समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।मौके पर जिला परिषद सदस्य बाला रानी, जिला उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय, गट्टू कुमार, रजनीकांत मधुर, अमरनाथ पांडेय, युवा समाजसेवी महमूद आलम, असगर अंसारी, कमलेश मेहता, नासिर अंसारी, शकील अहमद, गुल्लू सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
