-तूफानी शतक से भारत ने मचाया धमाल
एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में शेफाली वर्मा ने ऐसा बल्ला घुमाया कि बांग्लादेश की पूरी टीम भी उनके व्यक्तिगत स्कोर के सामने छोटी पड़ गई। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में शेफाली ने महज ४९ गेंदों में नाबाद १०० रन ठोक दिए। नौ छक्के और तीन चौकों से सजी इस तूफानी पारी के दम पर भारत ने १९५ रन का पहाड़ खड़ा कर दिया। मजेदार बात यह रही कि जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम सिर्फ ८१ रन पर सिमट गई। यानी शेफाली ने अकेले ही बांग्लादेश के सभी ११ बल्लेबाजों से १९ रन ज्यादा बना डाले! शेफाली के शतक ने रिकॉर्ड्स की भी झड़ी लगा दी। वह एशियन गेम्स महिला क्रिकेट में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बनीं और एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक ३५ छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। गेंदबाजों ने भी खूब रंग जमाया। दीप्ति शर्मा और नंदिनी शर्मा ने तीन-तीन विकेट चटकाए। भारत ने ११४ रन से जीत दर्ज कर फाइनल में धमाकेदार एंट्री मारी, जहां अब श्रीलंका से गोल्ड की भिड़ंत होगी।
