अमिताभ श्रीवास्तव
एशियन गेम्स २०२६ के लिए जापान पहुंची भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की जर्सी को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। भारतीय टीम २२ सितंबर को जापान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टी२० मुकाबले में अपनी नियमित बीसीसीआई जर्सी में मैदान पर उतरेगी। वहीं, एशियन गेम्स के आधिकारिक मुकाबलों के दौरान टीम ऑफिशियल एशियन गेम्स किट पहनेगी। किट से जुड़ी साइज की समस्या को अब सुलझा लिया गया है और खिलाड़ियों को उनकी आधिकारिक किट मिल चुकी है। जापान रवाना होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम की एशियन गेम्स जर्सी को लेकर समस्या सामने आई थी। दरअसल, भारतीय ओलिंपिक संघ के किट पार्टनर जेएसडब्ल्यू इंस्पायर की ओर से उपलब्ध कराई गई आधिकारिक एशियन गेम्स किट के कुछ खिलाड़ियों के साइज के अनुसार फिट नहीं होने की बात सामने आई थी। इस मामले को लेकर बीसीसीआई और किट सप्लायर के बीच टीम के जापान रवाना होने से पहले लगातार बातचीत हुई थी। अब इस समस्या का समाधान कर लिया गया है। युवा मामले और खेल मंत्रालय की ओर से पुष्टि किए जाने के बाद साफ हो गया है कि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम २२ सितंबर को जापान के खिलाफ एकमात्र टी२० मुकाबले में अपनी नियमित बीसीसीआई जर्सी पहनकर ही खेलेगी।
कायला ने दिया स्वेनी का साथ
पिछले दिनों अपने नग्न विज्ञापन से खेल जगत में हलचल मचा देने वाली सिडनी स्वेनी की हो रही आलोचना के बीच वॉलीबॉल खिलाड़ी रही कायला सिमंस ने उसका जोरदार बचाव किया है। हॉलीवुड अभिनेत्री स्वेनी ने नोविग स्पोर्ट्स बेटिंग के विज्ञापन में नग्न अवस्था में पोज देने के बाद विवाद खड़ा कर दिया था। २९ वर्षीय स्वेनी की महिला खेल जगत की कई सितारों ने आलोचना की है। टीम ग्रेट ब्रिटेन की स्प्रिंटर एमी हंट, पूर्व धावक हन्ना विलियम्स और ऑस्ट्रेलियाई वाटर पोलो की दिग्गज खिलाड़ी टिली कीर्न्स उन लोगों में शामिल हैं जिन्होंने मुखर आलोचना की है। मगर पूर्व कॉलेज वॉलीबॉल खिलाड़ी और अब ओनलीफैंस स्टार कायला ने इसके विपरीत यूफोरिया स्टार का बचाव किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कई खेलों में भाग लेते हुए अपना एक वीडियो साझा किया। इसके साथ कैप्शन था, ‘मुझे उम्मीद है कि महिलाओं का अगला ट्रेंड यह होगा कि वे ऑनलाइन किसी दूसरी महिला को नीचा दिखाने में दिलचस्पी न लें।’ कायला के इस प्लेटफॉर्म पर ९५५ हजार फॉलोअर्स हैं और उन्होंने अभिनेत्री के समर्थन में एक भावुक लेख भी लिखा है। उन्होंने लिखा, ‘सिडनी स्वेनी का जुए से जुड़ा विज्ञापन खेलों में महिलाओं को पीछे नहीं धकेलता।’ ‘महिलाओं को ‘सम्मानजनक’ माने जाने के लिए एक निश्चित दायरे में सीमित करना घोर पाखंड है।’
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
