-जमुई की घटना पर राहुल गांधी ने सम्राट सरकार को घेरा
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
बिहार में बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सरकार सवालों के घेरे में है। जमुई में दसवीं की छात्रा से सरेआम छेड़छाड़ और बदसलूकी का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सम्राट चौधरी सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि ‘अंधभक्त’ ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर शाम सात बजे बिहार की सड़क पर कोई लड़की सुरक्षित क्यों नहीं है?
बिहार के जमुई जिले से एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कोचिंग क्लास से लौट रहे नाबालिग लड़के और लड़की को कुछ लोगों ने रोक लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वहीं पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए ३ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं इस मुद्दे पर लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का बयान सामने आया है, उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा ‘बिहार के जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है। १०वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया। उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया। बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे।’
‘बदतमीजी करने का हक किसने दिया’
राहुल गांधी ने कहा कि आखिर इन लोगों को ऐसी बदतमीजी करने का हक किसने दिया। उन्होंने कहा कि यह संस्कृति नहीं है, यह पितृसत्ता है। उन्होंने कहा कि ये सोच कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है। उन्होंने कहा कि जब नियंत्रण को ही संस्कृति मान कर ‘अंधभक्त’ ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं, तो भीड़ को लगने लगता है कि वही कानून है।
‘मौनी बाबा बने मोदी’
इस घटना को लेकर बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने `एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि बिहार में अराजक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। बिहार में अब कहीं भी, कभी भी, कोई भी छात्रा और महिला सुरक्षित नहीं है। तेजस्वी ने कहा कि महिलाओं को १० हजार नकद देकर और चुनाव बाद दो लाख और देने का वादा करने वाले प्रधानमंत्री ऐसी घटनाओं पर मौनी बाबा बन चुके हैं।
‘बीजेपी महिलाओं की सबसे बड़ी दुश्मन’
बिहार सरकार को खेड़ा ने घेरा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी इस घटना को बेहद विचलित करने वाला और डरावना बताया। उन्होंने कहा कि लड़की ऐसे अनुभव के बाद वह बुरी तरह सहम गई है और गहरे सदमे में है। उन्होंने कहा कि बीजेपी महिलाओं की सबसे बड़ी दुश्मनों में से एक है। वह सिर्फ महिला सशक्तिकरण जैसी बड़ी-बड़ी बातें करती है।
अगर ये घटना १९ सितंबर की है तो गुनहगार को पकड़ने में देरी क्यों? बिहार सरकार जवाब दे कि शाम ७ बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है।
