सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्य में राजनीतिक और छात्र आंदोलन तेज होता दिखाई दे रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक रोहित पवार ने इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाते हुए पुणे पुलिस द्वारा आंदोलन की अनुमति नहीं दिए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। रोहित पवार ने कहा कि सरकार छात्रों से डर गई है। विद्यार्थियों ने २६ सितंबर को आंदोलन की तैयारी की थी। लेकिन पुणे पुलिस ने आंदोलन की अनुमति देने से इनकार कर दिया। अगर सरकार को इतना ही डर है तो विद्यार्थियों की मांग को दबाने के बजाय सरकार को उनके साथ बातचीत करनी चाहिए।
बता दें कि एमपीएससी की परीक्षाओं से जुड़े विवाद के बीच विद्यार्थियों की प्रमुख मांग आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार के इस्तीफे की बताई जा रही है। इसके अलावा विद्यार्थी तुकाराम मुंढे और सुनील गेडाम को आयोग का अध्यक्ष बनाने तथा परीक्षाएं ऑफलाइन कराने की मांग भी कर रहे हैं।
