-सेवन इलेवन कंपनी पर जमीन हड़पने के आरोप प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में
प्रेम कुमार / भायंदर
नया नगर के कानूनगो रोड पर सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शन की परियोजना को लेकर जमीन विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा नेता नरेंद्र मेहता से जुड़ी कंपनी ७११ पर सोहन कंवर सिंह ने उनकी जमीन हड़पने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। कंवर का दावा है कि विवादित सर्वे नंबर जूना ५३५/२, नया ५३/२ की जमीन उनके परिवार की है और सातबारा समेत अन्य राजस्व दस्तावेजों में परिवार का नाम दर्ज है। इसके बावजूद जमीन पर निर्माण की अनुमति दिए जाने को लेकर उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
उनका आरोप है कि उन्हें जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया गया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। इसके बाद कथित तौर पर जमीन पर झुग्गियां, कंटेनर और पानी की टंकियां रखकर कब्जे जैसा माहौल बनाने की कोशिश की गई, जिन्हें विवाद बढ़ने के बाद हटा लिया गया। प्रेस कॉन्प्रâेंस में पीड़ित महिला ने तहसीलदार और कलेक्टर कार्यालय के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जमीन से जुड़े कामों में सहयोग नहीं मिल रहा तथा फाइलों को अटकाने और देरी करने की स्थिति बनी हुई है। पुलिस पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने नया नगर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमर जगदाले पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
पीड़ित महिला ने कहा कि पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर सही-गलत का पैâसला करना चाहिए। अब वह शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तक पहुंचाने की तैयारी में हैं। वहीं, विधायक नरेंद्र मेहता ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संबंधित सर्वे नंबर पुराने लेआउट का हिस्सा है और उनकी जमीन पर २००७ में ही निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा कि निर्माण अनुमति में सर्वे नंबर का उल्लेख केवल प्रक्रिया का हिस्सा है, इससे जमीन पर निर्माण का अधिकार साबित नहीं होता। आरोपों को उन्होंने झूठा, बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित बताया। अब सर्वे नंबर ५३५/२ के मूल दस्तावेज, सातबारा, जमीन की सीमाएं, निर्माण अनुमति और पूरी राजस्व प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच से ही विवाद का सच सामने आ सकता है। आरोप गंभीर हैं, लेकिन स्वतंत्र पुष्टि बाकी है।
