-एशियाड टी-२० फाइनल में पाकिस्तान को १९ रन से पटखनी, भारत ने सोना जीता
-अभिषेक की तूफानी ६१ और तिलक की नाबाद ५१ रन की पारी
एजेंसी / निशिन
भारत ने एशियाई खेलों के पुरुष टी-२० क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को १९ रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और भारत ने २० ओवर में छह विकेट पर २११ रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ २८ गेंदों में तीन चौकों और सात छक्कों की मदद से ६१ रन ठोके, जबकि तिलक वर्मा ने २२ गेंदों पर नाबाद ५१ रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम छह विकेट पर १९२ रन तक ही पहुंच सकी। हसन नवाज ने ५१ गेंदों पर ९६ रन बनाकर मुकाबला रोमांचक बनाया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में दबाव बनाए रखा।
