अनिल मिश्र / पटना
जनसंचार एवं मीडिया विभाग दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) पंचानपुर (गया) द्वारा फोटोग्राफी एवं फोटो जर्नलिज्म पाठ्यक्रम के अंतर्गत ‘लाइट एंड फायर: द आर्ट ऑफ क्रिएटिव फोटोग्राफी’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में यह कार्यशाला सहायक प्राध्यापक डॉ. नेहा सूर्यवंशी के संयोजक एवं पाठ्यक्रम समन्वयकत्व में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष एवं अधिष्ठाता प्रो. आतिश पराशर के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को फोटोग्राफी को केवल तकनीकी कौशल नहीं, बल्कि प्रभावशाली दृश्य कहानी कहने की कला के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विभाग के अन्य प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे।इस संबंध में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) जन संपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कार्यशाला के संसाधन व्यक्ति वीरेंद्र सिंह, कैनन इंडिया के प्रोफेशनल फोटोग्राफर एवं मेंटर ने विद्यार्थियों को रचनात्मक फोटोग्राफी की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि प्रकाश (लाइट) और अग्नि (फायर) जैसे चुनौतीपूर्ण विषयों को कैमरे में कलात्मक ढंग से कैद करने के लिए कैमरा सेटिंग्स, मूवमेंट और कम्पोजिशन की सही समझ कितनी आवश्यक है।कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने एक्सपोज़र ट्रायंगल की अवधारणा को व्यावहारिक रूप से समझा तथा यह सीखा कि इन तीनों तत्वों का संतुलित उपयोग करके कम रोशनी और आग जैसे प्रकाश स्रोतों के साथ आकर्षक एवं प्रभावशाली चित्र कैसे बनाए जा सकते हैं। लाइव डेमो और हैंड्स-ऑन अभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों ने लाइट ट्रेल, फायर इफेक्ट और लॉन्ग एक्सपोज़र फोटोग्राफी जैसी रचनात्मक तकनीकों का अनुभव प्राप्त किया।यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान और रचनात्मक प्रयोग का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुई। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और संसाधन व्यक्ति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सफलतापूर्वक हुआ।
