मुख्यपृष्ठनए समाचारअखिलेश का योगी को दो टूक-अयोध्या से पीडीए प्रहरी पवन पांडेय लड़ेंगे

अखिलेश का योगी को दो टूक-अयोध्या से पीडीए प्रहरी पवन पांडेय लड़ेंगे

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दो दिन पहले अयोध्या पहुंच कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की सीधी चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्‍यमंत्री अगर इतना ही आश्‍वस्‍त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं।यादव ने कहा था कि “जब से हमने अपने उम्मीदवार की घोषणा की है, तब से भाजपा लगातार सर्वे कर रही है और हर सर्वे में पीछे रही है। सुनने में आ रहा है कि उन्हें अयोध्या के लिए कोई नया प्रत्याशी नहीं मिल पा रहा है। बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री अगर इतना ही आश्‍वस्‍त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं।’
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलरामपुर के दौरे पर थे।दो दिन पूर्व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। अखिलेश की चुनौती को स्वीकारते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या धाम की बात है तो वह पूरी तरह तैयार हैं। लेकिन अखिलेश यादव में हिम्मत है तो अयोध्या से नामांकन कर उनके सामने मैदान में आएं। उन्होंने कहा कि लड़ाई ही लड़नी है तो चेलों से क्यों, आमने-सामने होनी चाहिए। योगी ने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सपा समय-समय पर पीडीए का अर्थ बदलती रहती है। उन्होंने दावा किया कि आजकल पीडीए का मतलब ‘प्रदेश डुबाऊ अथॉरिटी’ हो गया है।
अखिलेश यादव को जब पता चला कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें अयोध्या आकर अपने सामने लड़ने की चुनौती दी है तो अखिलेश यादव ने अयोध्या में चुनाव लड़ने को लेकर सपा का रूख पूरी तरह से साफ कर दिया। सोशल मीडिया एक्स पर लिखी पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव ने लिखा, पवन का झोंका आएगा, अंहकार सब उड़ जाएगा। आगे लिखा, अयोध्या में ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरों को हराने के लिए हमारा एक युवा ‘पीडीए प्रहरी’ ही काफ़ी है। चोरों को क्लीन चिट देनेवाले दरअसल हिस्सेदार होते हैं। दूध का दूध, पानी का पानी तो हुआ नहीं, इस बार जनता घमंड का सारा पानी उतार देगी। लोकसभा भूल गये क्या? और बाक़ी कसर अयोध्या की वो माताएं पूरा कर देंगी, जिन्होंने सरेआम दुखी मां का अपमान करते हुए दुर्व्यवहारी दंभियों को देखा है। अपने इंटर्नल सर्वे में आपको ये बात पता चली कि नहीं कि अयोध्या में आपकी तरफ़ से कोई चुनाव नहीं लड़ना चाहता है। पावन स्थलों पर वनस्पतिजीवियों का कोई काम नहीं। उन्होंने कहा, अयोध्या में सपा की ओर से पवन पांडेय को चुनावी मैदान में उतारा जाएगा। अखिलेश के इस बयान से ये साफ हो गया है कि अयोध्या में अखिलेश और योगी आमने सामने चुनाव नहीं लड़ेंगे।

अन्य समाचार