मुख्यपृष्ठटॉप समाचारअगस्त क्रांति मैदान और लोकतंत्र पर लॉकडाउन!.. तुषार गांधी, इमरान खान समेत...

अगस्त क्रांति मैदान और लोकतंत्र पर लॉकडाउन!.. तुषार गांधी, इमरान खान समेत सैकड़ों हिरासत में

सामना संवाददाता / मुंबई

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर उठी आवाज मुंबई पहुंची, तो अगस्त क्रांति मैदान के चारों ओर पुलिस का घेरा खिंच गया। मैदान की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए और ५०० से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। जिस मैदान से १९४२ में भारत छोड़ो आंदोलन की हुंकार उठी थी, वहां आज प्रदर्शनकारियों को पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया।
महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी अपने संगठन ‘हम भारत के लोग’ के साथ प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। प्रदर्शनकारियों को वहां एकत्र होने से रोकने के लिए पुलिस के साथ राज्य आरक्षित पुलिस बल और दंगा नियंत्रण दल को भी तैनात किया गया था। इसके बावजूद मुंबई के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी अगस्त क्रांति मैदान की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान तुषार गांधी बांद्रा स्थित नेशनल कॉलेज जंक्शन से आंदोलन में शामिल होने के लिए निकले। तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर डी.एन. नगर पुलिस थाने पहुंचा दिया। इसकी जानकारी मिलते ही प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थाने के बाहर भीड़ जमा कर तुषार गांधी की रिहाई की मांग शुरू कर दी। शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे और सांसद संजय राऊत भी डी.एन. नगर पुलिस थाने पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान शिवसेना के विधायक अनिल परब, अजय चौधरी, महेश सावंत, हारून खान और अनंत बाला नर सहित कई नेता उपस्थित थे। पुलिस ने तुषार गांधी को सुबह हिरासत में लिया था, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों में नाराजगी पैâल गई। शिवसेना ने पुलिस थाने में धरना देते हुए घोषणा की कि तुषार गांधी की रिहाई तक वे वहां से नहीं हटेंगे। आखिरकार शिवसेना के धरने के बाद शाम लगभग ६ बजकर ४५ मिनट पर पुलिस ने तुषार गांधी को रिहा कर दिया। इसके बाद आदित्य ठाकरे ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।

अन्य समाचार