मुख्यपृष्ठनए समाचारदुर्गा विसर्जन के दौरान अधूरी मूर्तियों की तस्वीरें लेने पर रोक...सोशल मीडिया...

दुर्गा विसर्जन के दौरान अधूरी मूर्तियों की तस्वीरें लेने पर रोक…सोशल मीडिया पर वायरल करने पर भी कार्रवाई की चेतावनी

 -धार्मिक भावनाओं और कानून-व्यवस्था का हवाला…20 से 22 अक्टूबर तक मुंबई पुलिस का आदेश लागू

सुनील ओसवाल / मुंबई 

दुर्गा विसर्जन के दौरान पानी में तैरती या पूरी तरह विसर्जित नहीं हुई देवी दुर्गा की मूर्तियों की तस्वीरें और वीडियो बनाने पर मुंबई पुलिस ने रोक लगा दी है। इतना ही नहीं, ऐसी तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मुंबई पुलिस का यह आदेश 20 से 22 अक्टूबर तक लागू रहेगा। पुलिस ने यह कदम धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने और सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए उठाया है।
मुंबई के पुलिस उपायुक्त अकबर पठाण ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, दुर्गा विसर्जन के दौरान मुंबई के विभिन्न तालाबों, समुद्र तटों और जलाशयों में देवी दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान समुद्र में ज्वार-भाटा और पानी के बहाव के कारण कुछ प्रतिमाएं पूरी तरह विसर्जित होने के बजाय पानी में तैरती हुई या आधी घुली अवस्था में किनारे पर वापस आ सकती हैं।
ऐसी स्थिति में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के कर्मचारी प्रतिमाओं को पानी से बाहर निकालने का काम करते हैं। पुलिस का मानना है कि इस प्रक्रिया के दौरान अधूरी विसर्जित प्रतिमाओं की तस्वीरें या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। इससे तनाव पैदा होने और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका भी जताई गई है।
पुलिस के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अधूरी विसर्जित मूर्तियों की तस्वीरें और वीडियो बनाना, उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करना अथवा बीएमसी कर्मचारियों द्वारा प्रतिमाओं को पानी से बाहर निकालने के दृश्यों को साझा करना विवाद का कारण बन सकता है। इसी आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाया है।
आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुर्गा विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना रोकने और शहर में शांति बनाए रखने के उद्देश्य से यह प्रतिबंध लगाया गया है।

अन्य समाचार