-अरुण कुमार गुप्ता
दिल्ली में सुरक्षा का सवाल अब सिर्फ अपराधियों की पहचान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नागरिकों की निजता और लोकतांत्रिक अधिकारों तक पहुंच गया है। १५.६६ करोड़ रुपये की लागत से ३३८ निगरानी वैâमरे लगाने की परियोजना में चेहरा पहचानने वाली तकनीक भी शामिल है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या राजधानी को सुरक्षित बनाने के लिए तकनीक मजबूत की जा रही है या सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने की क्षमता का विस्तार हो रहा है? सबसे गंभीर पहलू यह है कि प्रस्तावित वैâमरा स्थलों में रामलीला मैदान का वीवीआईपी गेट भी शामिल है। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के निर्धारित स्थलों में बदलाव करते हुए रामलीला मैदान को भी सूची में शामिल किया। दोनों घटनाओं के बीच सीधा संबंध साबित करने वाला प्रमाण सामने नहीं आया है, लेकिन इनके समयक्रम ने निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल जरूर खड़े किए हैं। आखिर नागरिकों को यह जानने का अधिकार क्यों न मिले कि उनकी तस्वीरें किस उद्देश्य से इस्तेमाल होंगी? चेहरा पहचानने वाली तकनीक किन लोगों की पहचान करेगी, डेटा कितने समय तक सुरक्षित रहेगा, उसे कौन देख सकेगा और किसी निर्दोष व्यक्ति की गलत पहचान होने पर जवाबदेही किसकी होगी? लोकतंत्र में पुलिस को अपराध रोकने के लिए आधुनिक तकनीक मिलनी चाहिए, लेकिन नागरिकों को भी यह भरोसा मिलना चाहिए कि उनकी निजता से समझौता नहीं होगा। कैमरे अपराधियों पर नजर रखने के लिए हैं या हर नागरिक की गतिविधि दर्ज करने के लिए, इसका स्पष्ट जवाब जरूरी है।
प्रशांत भूषण के बयान से भूचाल!
प्रशांत भूषण के बयान ने दिल्ली की सियासत में नया विस्फोट कर दिया है। सवाल सिर्फ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कुर्सी का नहीं, बल्कि उस चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता का भी है, जिस पर लोकतंत्र की नींव टिकी है। आखिर एसआईआर के खिलाफ आंदोलन का दायरा कितना बड़ा है? क्या यह सिर्फ चुनाव आयोग की जवाबदेही की लड़ाई है या विपक्ष इसे केंद्र की सत्ता के खिलाफ बड़े राजनीतिक संघर्ष के रूप में पेश कर रहा है?
दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जारी राजनीतिक संघर्ष ने नया मोड़ ले लिया है। वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण के बयान ने इस आंदोलन के उद्देश्य को लेकर बहस तेज कर दी है। १५ अक्टूबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस से जुड़े उनके बयान को लेकर १६ अक्टूबर को चर्चा हुई, जिसमें आंदोलन को केवल मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग तक सीमित नहीं बताया गया। इससे चुनावी पारदर्शिता और सत्ता की राजनीति के बीच संबंध को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आंदोलन से जुड़े नेताओं की मांग है कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं की जांच हो और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार जवाब दें। लेकिन आंदोलन के उद्देश्य को लेकर राजनीतिक व्याख्याएं अलग-अलग हैं। प्रशांत भूषण के बयान को भाजपा ने विपक्ष के व्यापक राजनीतिक एजेंडे से जोड़कर देखा है।
