-एचएनबी राजकीय महाविद्यालय की छात्राओं ने फूल-पत्तियों से उकेरी जागरूकता की तस्वीर
राजेश सरकार / प्रयागराज
बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा के संदेश को रंगों में उकेरते हुए हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नैनी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ थीम पर वृहद रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया गया। गृह विज्ञान एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं ने प्राकृतिक फूल-पत्तियों से आकर्षक रंगोलियां बनाकर बेटियों के सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश दिया।
प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. नीतू सिंह, डॉ. नीति सिंह, डॉ. राफत अनीस और शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी प्रो. भास्कर शुक्ला का मार्गदर्शन रहा। सूरज, यशी मिश्रा, अंशिता पाण्डेय, अदिति श्रीवास्तव, मुस्कान गुप्ता, हेमा, मधु कुमारी, सुहानी और पूजा साहू सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता की सराहना की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अभियान के संयोजक डॉ. अवधेश कुमार आर्य रहे।
