मुख्यपृष्ठनए समाचारसीयूएसबी में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

सीयूएसबी में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित

अनिल मिश्र / पटना

दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नामांकित स्वयंसेवकों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने अपने संबोधन में सामुदायिक अभियानों तथा सामाजिक जागरूकता और स्वयंसेवा के माध्यम से समाज की सामाजिक विषमताओं को दूर करने में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने एनएसएस के मूल ध्येय वाक्य “मैं नहीं, बल्कि आप” का उल्लेख करते हुए आत्मत्याग और सेवा को ज्ञान एवं शिक्षा के सर्वोच्च लक्ष्य बताया। कुलपति महोदय ने सामुदायिक सहभागिता और जागरूकता शिविरों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने में एनएसएस के स्वयंसेवकों की भूमिका को विस्तार से समझाया। प्रो. सिंह ने समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ये वर्ग भविष्य में महत्वपूर्ण मानव संसाधन बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे। अंत में उन्होंने एनएसएस के पूर्व समन्वयक के रूप में अपने जीवन के अनुभव साझा किए तथा बताया कि किस प्रकार उन्होंने चुनौतियों को स्वीकार करते हुए उन्हें दूर करने के लिए पूर्ण प्रयास किए। इस संबंध में दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) जन संपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि एनएसएस इकाई की समन्वयक प्रो. उषा तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थी डीएसडब्ल्यू प्रो. पवन कुमार मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रो. मिश्रा ने एनएसएस की विषयवस्तु तथा स्वयंसेवक के रूप में निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। इससे पहले औपचारिक उद्घाटन के पश्चात एनएसएस इकाई की समन्वयक प्रो. उषा तिवारी ने स्वागत संबोधन में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को एनएसएस के उद्देश्य, लक्ष्यों एवं सिद्धांतों से अवगत कराया। कार्यक्रम पदाधिकारी एवं आयोजन समन्वयक डॉ. पारिजात प्रधान ने एनएसएस के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी तथा विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई की पूर्व उपलब्धियों को साझा किया। कार्यक्रम में दौरान कुलपति द्वारा सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों एवं नवप्रवेशित एनएसएस के सदस्यों को सम्मानित किया गया। एनएसएस की विभिन्न गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को भी माननीय कुलपति द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अभिमुखीकरण कार्यक्रम में प्रो. एम. विजय कुमार शर्मा, डॉ. नीरज कुमार सिंह, डॉ. पारिजात प्रधान, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. रिंकी, डॉ. पीयूष कुमार सिंह, डॉ. राधेश्याम धोले सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. रिंकी ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, इसके पश्चात राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

अन्य समाचार