-औराई के मेदनीपुर गांव के निवासी थे तीनों युवक…एक ही बाइक पर थे सवार
-राष्ट्रीय राजमार्ग पर डिवाइडर से बाइक टकराने से हुआ हादसा
सामना संवाददाता / भदोही
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के औराई कोतवाली क्षेत्र के इटवा गांव के सामने रविवार दोपहर बाइक अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक एक ही गांव के निवासी थे।
औराई पुलिस के अनुसार, मेदनीपुर गांव निवासी विवेक बिंद (29), सूरज बिंद (20) और पुनीत बिंद (19) एक ही बाइक से महराजगंज से उत्तरी सर्विस लेन के रास्ते अपने घर लौट रहे थे। इटवा गांव के सामने उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। हादसे में तीनों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर औराई पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
हादसे का शिकार हुए सूरज बिंद चार बहनों का इकलौता भाई था। वह सूरत में कपड़े की दुकान पर दिहाड़ी मजदूरी करता था और रविवार सुबह ही घर लौटा था। उसके पिता पप्पू बिंद मुंबई में मजदूरी करते हैं। विवेक बिंद गुजरात की एक स्टील कंपनी में दिहाड़ी मजदूरी करता था। वह शादीशुदा था और उसके दो छोटे बेटे हैं। उसके पिता चुन्नीलाल भी उसी कंपनी में काम करते हैं।
तीसरा मृतक पुनीत बिंद चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह मिर्जापुर जिले के लोहरापुर स्थित एक विद्यालय में हाईस्कूल की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से मेदनीपुर में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
