मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
राजधानी लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश पर पुलिस ने इनाम की राशि 25-25 हजार से 50-50 हजार कर दिया। हाल ही में मॉडल ने एक वीडियो शेयर कर खुद को निर्दोष बताया था। इससे पहले श्रद्धा उसकी बहन समेत तीन आरोपियों के खिलाफ कोर्ट ने शुक्रवार को एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) जारी किया गया था। लखनऊ की हजरतगंज पुलिस ने सुबह तीनों के खिलाफ कोर्ट में अर्जी डाली थी। पुलिस 10 टीमें फरार आरोपियों के खिलाफ नेपाल और बार्डर से सटे जनपदों में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बताया कि इस मामले में हजरतगंज कोतवाली में शिवा की मां ने श्रद्धा उसकी बहन रश्मि उसके ड्राइवर और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना में ड्राइवर दानिश का नाम प्रकाश में आया था। शिवा की मौत के बाद से तीनों फरार चल रहे हैं। सर्विलांस और डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर की क्राइम टीम समेत कई टीमें लगातार तीनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
लखनऊ पुलिस श्रद्धा दुबे की तलाश भारत-नेपाल सीमा तक पहुंच गई है। शुक्रवार शाम लखनऊ की एसओजी, क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने सोनौली कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर बाजार में दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तीन से चार घंटे तक चली पड़ताल के दौरान टीम ने दुकानदारों से पूछताछ कर आरोपित की संभावित आवाजाही से जुड़े सुराग जुटाने की कोशिश की। जांच में स्थानीय पुलिस ने भी सहयोग किया। साथ ही भगवानपुर बाजार में जिन दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, वहां टीम ने रिकॉर्डिंग देखी। सूत्रों की मानें तो श्रद्धा दूबे समेत तीनों आरोपियों ने अपने वकील के मध्यम से आत्मसमर्पण करने के लिये न्यायालय में अर्जी लगाया है। इसके पहले बुर्के में मुंह छिपा कर श्रद्धा के साथ आरोपी उसकी बहन व ड्राइवर दानिश भारत-नेपाल बॉर्डर पर देखे गये। संभावना व्यक्त की जा रही है कि वह अपने हाईप्रोफाइल संपर्कों के संरक्षण में भारत की सीमा में घुस चुकी है।
