पर्दे पर शर्माना, संस्कारी बनना और गुंडों से बचने का इंतजार करना आखिर कब तक! कृति सेनन अब ‘गुड गर्ल’ की इमेज से बाहर निकलकर कुछ तूफानी करना चाहती हैं। करीना कपूर के शो ‘व्हाट वीमेन वॉन्ट’ में कृति ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का दिलचस्प खुलासा किया। कृति ने बताया कि २०१४ में ‘हीरोपंती’ से बॉलीवुड में कदम रखने के बाद उन्हें ढेरों फिल्मों के ऑफर नहीं मिलते थे। जो किरदार मिलते, उन्हीं में से बेहतर चुनना पड़ता था। लंबे समय तक उन्हें ऐसी लड़कियों के रोल मिले, जो कभी गलती नहीं करतीं और जिन्हें बचाने के लिए हीरो हमेशा तैयार रहता है। लेकिन अब खेल बदलना है! कृति का कहना है कि फिल्मकार महिलाओं को अब ज्यादा वास्तविक और इंसानी किरदारों में दिखा रहे हैं। ‘मिमी’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकीं कृति अब नकारात्मक और ग्रे शेड वाले किरदार निभाना चाहती हैं। यानी अब पर्दे पर सिर्फ मासूमियत नहीं, शरारत और साजिश का तड़का भी लगेगा!
