मुख्यपृष्ठस्तंभमुस्लिम वर्ल्ड : ईरान और होर्मुज ट्रंप की दुखती रग!

मुस्लिम वर्ल्ड : ईरान और होर्मुज ट्रंप की दुखती रग!

-सूफी खान
अमेरिका में मिडटर्म इलेक्शन अपने चरम पर हैं। ऐसे में जहां राष्ट्रपति ट्रंप अपने इलेक्शन कैंपेन में ईरान पर हमला करने की धमकियां दे रहे हैं और ईरान के साथ उलझने को अपनी जीत के तौर पर पेश करने की कोशिश में हैं, वहीं वे वक्त-वक्त पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर अमेरिका का कंट्रोल होने का दावा करते हैं। यहां तक कहते हैं कि हमने ईरान की नौसेना को खत्म कर दिया है। इस बीच, अब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उन्हें होर्मुज को लेकर आईना दिखा दिया है। डेमोक्रेटिक पार्टी के इलेक्शन कैंपेनिंग के दौरान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ट्रंप पर बड़ा तंज कस दिया। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने होर्मुज पर ईरान को वीटो पावर दे दिया। ओबामा ने ट्रंप और अमेरिका के दावों पर ही सवाल उठा दिया है। इतना ही नहीं, मिडटर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन के लिए नई चुनौती भी पैदा कर दी है। ओबामा ने ईरान के साथ युद्ध छेड़ने को भी गलत बताया। उन्होंने ट्रंप की इन नीतियों को अमेरिका में बढ़ती महंगाई के लिए जिम्मेदार बताया। दरअसल, ओबामा ने ट्रंप पर आरोप लगाकर दुनिया को यह बताने की कोशिश की है कि ट्रंप की गलतियों की वजह से आज ईरान होर्मुज पर जाकर डट गया है। इतना ही नहीं, वह अब होर्मुज के जरिए पूरी दुनिया को नचा रहा है। ईरान होर्मुज पर शिकंजा कसकर अमेरिका और दुनिया, दोनों को मजबूर करने की ताकत हासिल कर चुका है। इससे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है और हर स्तर पर महंगाई बढ़ गई है।
एक्सपर्ट कहते हैं कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के उस दावे में काफी सच्चाई है, जिसमें उन्होंने कहा है कि होर्मुज की वीटो पावर ईरान के पास है। ईरान के नियंत्रण के चलते होर्मुज से तेल और गैस के टैंकर गुजर नहीं पा रहे हैं। इससे अमेरिका समेत पूरे विश्व में ऊर्जा की कीमतें कई गुना बढ़ गई हैं। हालांकि, अमेरिका होर्मुज पर कई बार अपना कंट्रोल होने का दावा करता रहा है, लेकिन अमेरिका में बढ़ती महंगाई और होर्मुज से गुजरने वाले तेल, गैस और जहाजों के आंकड़े हालात की हकीकत बयां कर रहे हैं। ईरान की ओर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ब्लॉकेड लगाए जाने से पहले जहां प्रतिदिन २० मिलियन बैरल तेल गुजरता था, वहीं अब यह आंकड़ा १० मिलियन बैरल से भी कम पर आ गया है। रिपोर्ट्स कहती हैं कि होर्मुज ब्लॉकेड से पहले जहां ७४ से ८७ जहाज इस समुद्री रास्ते से हर रोज गुजरते थे, वहीं ईरान के वहां खूंटा गाड़ लेने से अब सिर्फ ४ से ६ जहाज ही गुजर पाते हैं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें २ डॉलर प्रति गैलन से नीचे लाने का वादा किया था, लेकिन मौजूदा कीमतें ४.२८ से ४.३५ डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गई हैं। वहीं, डीजल का दाम फरवरी से पहले ३.६७ से ३.७६ डॉलर प्रति गैलन था, जो अक्टूबर तक ६.१८ से ६.३२ डॉलर प्रति गैलन पहुंच चुका है। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, मतदाता पेट्रोल की कीमतों को संभालने के ट्रंप के तरीके से नाखुश हैं। ऐसे में पूर्व राष्ट्रपति ओबामा ने ट्रंप की दुखती रग को पकड़ लिया है। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने भी उन पर पलटवार किया और ओबामा को नाकाबिल राष्ट्रपति तक कहा। लेकिन स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की वजह से ट्रंप की मुश्किलें बढ़ी हैं, इसे नकारा नहीं जा सकता।

अन्य समाचार