मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई लोकल में तकनीकी खराबी से हाहाकार सेंट्रल रेलवे की लोकल सेवाएं...

मुंबई लोकल में तकनीकी खराबी से हाहाकार सेंट्रल रेलवे की लोकल सेवाएं चरमराई कांजुरमार्ग के रिले रूम में आग,

-मुलुंड-ठाणे के बीच लटकता तार बना मुसीबत
-हजारों यात्री पटरी पर चलने को मजबूर
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सोमवार सुबह एक बार फिर तकनीकी गड़बड़ी की भेंट चढ़ गई। सेंट्रल रेलवे की मुख्य लाइन पर दो अलग-अलग घटनाओं ने हजारों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कांजुरमार्ग स्टेशन के रिले रूम में आग लगने से सिग्नल व्यवस्था प्रभावित हुई, जबकि मुलुंड और ठाणे के बीच ओवरहेड उपकरण से एक अज्ञात तार लटकता हुआ मिला। इसके चलते लोकल सेवाएं बाधित हुर्इं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सिग्नल फेल, ट्रैक पर उतरने को मजबूर यात्री
रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह करीब ९:३० बजे कांजुरमार्ग स्टेशन पर सिग्नल अचानक बंद हो गए। इससे विक्रोली और भांडुप के बीच ट्रेन परिचालन प्रभावित हुआ। दूसरी ओर, सुबह ९:२३ बजे मुलुंड-ठाणे के बीच डाउन स्लो लाइन पर ओवरहेड उपकरण से लटकता तार दिखाई दिया। इसे हटाने के लिए सुबह १० बजे बिजली आपूर्ति रोककर आवश्यक कार्रवाई की गई। इस दोहरी गड़बड़ी के कारण कई लोकल ट्रेनें देरी से चलीं। कुछ ट्रेनें एक घंटे से अधिक समय तक रास्ते में रुकी रहीं। यात्रियों के अनुसार, एक लोकल ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक मुलुंड और नाहुर के बीच फंसी रही। हालात ऐसे बने कि कुछ यात्रियों को पटरियों पर उतरकर पैदल चलना पड़ा। अचानक ठप हुई सेवाओं से स्टेशनों पर भीड़ बढ़ गई और कामकाज के लिए निकलने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।।
प्लेटफॉर्म बदलने की कोशिश में गई जान
इसी दौरान भांडुप स्टेशन के पास हादसा हुआ। मुलुंड कॉलोनी के अमर नगर इलाके में रहने वाला २१ वर्षीय साहिल थिटे प्लेटफॉर्म नंबर ४ से प्लेटफॉर्म नंबर ३ की ओर लोकल पकड़ने जा रहा था। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
सुबह लोकल का हंगामा, शाम तक यात्रियों का निकला पसीना
हैरानी की बात यह रही कि सुबह शुरू हुई परेशानी शाम को दफ्तर से घर लौटने वाले यात्रियों के लिए भी मुसीबत बनी रही। स्टेशनों पर भीड़ बढ़ती गई और लोकल में चढ़ना मुश्किल हो गया। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। जिन लोगों का रोजाना का सफर ही दो घंटे का होता है, उन्हें ट्रेन की प्रतीक्षा में अतिरिक्त समय गंवाना पड़ा।

 

अन्य समाचार