मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति में बढ़ा विवाद...नंदुरबार में भाजपा का एकला चलो का फैसला

महायुति में बढ़ा विवाद…नंदुरबार में भाजपा का एकला चलो का फैसला

-शिंद गुट को झटका
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में महायुति के भीतर का अंतर्कलह अब और गहराता नजर आ रहा है। स्थानीय निकायों के आगामी चुनावों के मद्देनजर नंदुरबार जिले में भाजपा और शिंदे गुट के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। भाजपा ने शिंदे गुट को दूर रखते हुए नंदुरबार जिले में स्थानीय निकाय चुनाव पूरी ताकत के साथ अपने दम पर लड़ने का बड़ा और अहम फैसला लिया है।
पूर्व सांसद और भाजपा की वरिष्ठ महिला नेत्री डॉ. हीना गावित के नेतृत्व और स्पष्ट निर्देशों के बाद जिले के भाजपा कार्यकर्ता तुरंत चुनावी मैदान में जुट गए हैं। पार्टी ने बैठक कर सभी सीटों पर स्वतंत्र रूप से अपने उम्मीदवार उतारने की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। भाजपा की ओर से आरोप लगाया जा रहा है कि महायुति में होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर शिंदे गुट से सहयोग नहीं मिल रहा है, बल्कि लगातार विरोधाभासी रुख अपनाया जा रहा है। यही वजह है कि गठबंधन को ढोने के बजाय अकेले चुनाव लड़कर अपनी ताकत साबित करना ज्यादा बेहतर रहेगा। बैठक के दौरान भी सभी ने इसी तरह का रुख अपनाया।
नंदुरबार एक आदिवासी बहुल जिला है, जहां हीना गावित और उनके पिता विजयकुमार गावित का राजनीतिक प्रभाव काफी मजबूत है। हालांकि, लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद से दोनों दलों के बीच दूरी लगातार बढ़ती गई है।

अन्य समाचार