‘गोकुल’ के बहाने महाराष्ट्र की राजनीतिक इज्जत की धज्जियां चौराहे पर टांगने का काम राज्य के सत्ताधारियों ने पूरा कर दिया है। कोल्हापुर के दो सांड़ों और मुख्यमंत्री पद पर बैठे एक ‘चालू’ व्यक्ति ने मिलकर नियम, कानून, लोकतंत्र की पूरी तरह धज्जियां उड़ा दीं। सतेज पाटील की अगुवाई वाली आघाड़ी के पास बहुमत होने के बावजूद चालू और सांड़ ने मिलकर चुनाव को अपने कब्जे में ले लिया और अपना अध्यक्ष गोकुल पर थोप दिया। हाई कोर्ट को भी यह बात नहीं खटकी और उन्होंने गोकुल पर थोपे गए चार सदस्यों को मान्यता दे दी। आंदोलन के कार्यकर्ता एड. राहुल मखरे ने तीखी टिप्पणी की है। वे सोशल मीडिया पर कहते हैं, ‘‘अच्छा हुआ, उच्च न्यायालय ने चार शासन द्वारा नियुक्त सदस्यों के मतदान पर रोक नहीं लगाई। रोक लगाई होती तो सतेज पाटील पैनल का व्यक्ति गोकुल का चेयरमैन बन जाता और मुद्दा वहीं खत्म हो जाता। शाहू, फुले, आंबेडकर का महाराष्ट्र ‘भाजपा’ द्वारा लोकतंत्र पर किए गए बलात्कार को भूल जाता। अब अगले ढाई-तीन साल कोल्हापुर सहित महाराष्ट्र हमेशा बेचैन रहेगा। फडणवीस द्वारा नियुक्त सांड़ों द्वारा लोकतंत्र को उजाड़ते हुए रोज देखेगा। हमारे जख्मों को जिंदा रखेगा। जनता के मन में अंगारे हमेशा सुलगते रखने के लिए उच्च न्यायालय का जितना आभार मानें, कम ही है।’’ कोल्हापुर में जो करवाया गया, वह लोकतंत्र पर किया गया आघात है। इस बहाने हसन मुश्रीफ और चंद्रकांत पाटील ने अत्यंत घटिया दर्जे की राजनीति की और निम्नस्तर के भाषण दिए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोग
संस्कारी वगैरह
होते हैं, यह समझ चंद्रकांत पाटील ने गलत साबित कर दी। पाटील में कोल्हापुर से चुनाव लड़ने की हिम्मत न होने के कारण वे पुणे के कोथरूड से चुनाव लड़ते हैं। वे कोई जनता के नेता नहीं हैं और अब तक उन्होंने कोई संस्था खड़ी नहीं की, न चलाई है। आज अमित शाह की कृपा से सत्ता की कुर्सी मिली है इसलिए वे चुनौती की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने गर्जना की कि, ‘‘हमारे नाद में मत लगो। मुख्यमंत्री से कहकर तुम्हारा साम्राज्य एक दिन में उखाड़ फेंकूंगा।’’ यह सत्ता का नशा है। सत्ता हाथ में हो तो कूड़े के ढेर पर बैठे कुत्तों को भी बाघ का बल आ जाता है और वे ऐसी विकृत गर्जनाएं करते हैं। फडणवीस से कहकर साम्राज्य ध्वस्त कर दूंगा, ऐसा चंद्रकांत पाटील कहते हैं। यह धमकी है और सत्ता है इसलिए वे यह भाषा इस्तेमाल कर रहे हैं। हसन मुश्रीफ और चंद्रकांत पाटील द्वारा ‘गोकुल’ के बहाने दिखाई हुई चर्बी ही मस्तवाल ‘सा़ंड’गीरी है। सांड़ एक खुला छोड़ा गया मतवाला प्राणी होता है। वह हल जोतने के काम का नहीं होता। किसी के भी खेत में, मेड़ पर, सब्जी बाजार में घुसकर मुंह मारता है। मुफ्त का पेटभर खाने से सांड़ हमेशा मस्ती में रहता है और सड़क के बीचों-बीच अड़कर बैठ जाता है। इससे आने-जाने वालों को दिक्कत होती है। हसन मुश्रीफ और चंद्रकांत दादा उसी सांड़ की तरह मुफ्त में ‘गोकुल’ में घुसकर हुड़दंग मचा रहे हैं। हारकर भी सत्ता पर बैठे ये ‘सांड़’ महाराष्ट्र में
मजाक का विषय
बन गए हैं। सांड़ों को रोकने के लिए कोल्हापुर के हजारों किसान सड़क पर उतरे, फिर भी ‘सांड़ों’ का दिमाग ठिकाने पर नहीं आया है। चंद्रकांत पाटील ‘तिलमिलाकर’ बोले कि, ‘‘सतेज पाटील के पिता डी. वाय. पाटील को हमने कोल्हापुर में स्कूटर पर घूमते देखा है। अब उनका इतना बड़ा साम्राज्य कैसे खड़ा हो गया? उसे ध्वस्त कर देंगे।’’ इस पर पुणे के रवींद्र धंगेकर ने पाटील को जवाब दिया, ‘‘तो तुम क्या किर्लोस्कर के पोते-पड़पोते थे क्या?’’ यह सवाल अचूक है। पाटील भी एक समय टूटी हुई साइकिल पर घूमते थे और अमित शाह की कृपा से अब मालामाल बन गए हैं। जीतने के लिए वे करोड़ों रुपये खर्च करते हैं। यह पैसा आता कहां से है? डी. वाय. पाटील ने बड़ा शैक्षणिक संस्थान खड़ा किया। इस पर मराठी आदमी को गर्व ही होना चाहिए। इस गौरवशाली कार्य को लेकर पाटील-मुश्रीफ के पेट में क्यों दर्द हो रहा है? दूसरों की तरक्की से पेट में दर्द होना भाजपाइयों की पुरानी बीमारी है। दूसरे ‘सांड़’ मुश्रीफ ‘ईडी’ के डर से पीछे पैर करके भागे और भाजपा के तंबू में घुस गए। उनका शरीर बाघ का और कलेजा चूहे का है। वे भी सत्ता है इसलिए डींगें हांक रहे हैं। कोर्ट ने चार मनोनीत सदस्यों के खिलाफ फैसला दिया तो फडणवीस से कहकर ‘गोकुल’ पर प्रशासक नियुक्त कर दूंगा, यह भाषा किसी मंत्री की नहीं, बल्कि गांव में खुले छोड़े गए ‘सांड़’ की है। कोल्हापुर में दो ‘सांड़’ खुलेआम घूम रहे हैं। उनसे लोकतंत्र को खतरा है। उनका बंदोबस्त करना ही होगा।
