रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
लाभ पंचमी के अवसर पर महालक्ष्मी स्थित त्र्यंबकेश्वर मंदिर प्रांगण में स्थापित द्वारकाधीश मंदिर में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया है। टी जी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं धाकलेश्वर मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक दत्ता कोठावले से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर शनिवार को लाभ पंचमी के शुभ मुहूर्त पर मंदिर में अन्नकूट महोत्सव यानि 56 भोग दर्शन का आयोजन किया गया है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के विविध व्यंजनों से भगवान का भोग लगाया जाता है। मान्यता है कि भगवान के इस 56 भोग दर्शन से भक्तों के घर में अन्न और धन की कमी नहीं होती। भगवान को 56 भोग क्यों अर्पित किया जाता है? और इसका क्या महत्व है? इस विषय में मंदिर के पुजारी पंडित राजेन्द्र गौतम बताते हैं कि माता यशोदा भगवान श्रीकृष्ण को दिन में 8 प्रहर भोजन कराती थीं। जब भगवान श्री कृष्ण ने इन्द्र का अहंकार तोड़ने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठिका अंगुली पर उठाकर उसका अहंकार तोड़ा, तब भगवान को 7 दिन तक भूखा रहना पड़ा। तभी से भगवान को 56 लगाने की परंपरा शुरू हुई। पंडित राजेन्द्र गौतम बताते हैं कि 56 भोग प्रसाद के दर्शन एवं प्रसाद ग्रहण से आध्यात्मिक शांति तो मिलती ही है भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से जीवन में सुख समृद्धि आती है। इसके दर्शन से मन में संतुष्टि एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यही कारण है कि 56 भोग दर्शन में भक्तों की भारी भीड़ इकट्ठी होती है। मंदिर में शाम 4 से 8 के बीच कोई भी वैष्णव भक्त 56 भोग दर्शन का लाभ उठा सकता है।
