अनिल मिश्र / पटना
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन के मार्गदर्शन में बिहार लोक भवन द्वारा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में अभिवृद्धि तथा शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षताओं के संवर्धन के उद्देश्य से एक महत्त्वपूर्ण पहल की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (एमएमटीटीसी), कुलाधिपति कार्यालय, बिहार लोक भवन, और उच्च शिक्षा विभाग, बिहार एवं मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के संयुक्त प्रयासों से मगध विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों में विविध क्षमता संवर्धन कार्यक्रमों (कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम) का आयोजन किया जा रहा है। राज्यपाल के संकाय उत्कृष्टता एवं शैक्षणिक विकास सलाहकार प्रो. बिनोद कुमार त्रिपाठी, सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह तथा मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं सौम्य निर्देशन में इस शैक्षणिक पहल का प्रभावी क्रियान्वयन मगध विश्वविद्यालय, बोधगया से छह दिवसीय आवासीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) का शुभारंभ कर किया गया। राज्यपाल महोदय ने कार्यक्रम के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी संस्थानों, शिक्षाविदों, संबंधित अधिकारियों एवं के प्रयासों की सराहना करते हुए राज्य के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि इन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्रामों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, विषय विशेषज्ञों एवं अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को समकालीन शैक्षणिक चुनौतियों, नवाचारपरक शिक्षण पद्धतियों तथा प्रभावी शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं से परिचित कराया जा रहा है। ये कार्यक्रम शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षताओं एवं शैक्षणिक क्षमताओं के संवर्धन, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में अभिवृद्धि की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की दूरगामी शैक्षणिक पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी ) 2020 की मूल भावना, उद्देश्यों एवं संकल्पनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं नवाचारोन्मुखी उच्च शिक्षा व्यवस्था के निर्माण में महत्त्वपूर्ण योगदान देगी तथा विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।यूजीसी एमएमटीटीसी, सीयूएसबी के निदेशक प्रो. तरुण कुमार त्यागी ने बताया कि इस पहल के अंतर्गत, कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह तथा प्रो. दिलीप कुमार केसरी की उपस्थिति में प्रथम छह दिवसीय आवासीय एफडीपी का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन मगध विश्वविद्यालय एवं यूजीसी एमएमटीटीसी, सीयूएसबी, गया के नोडल अधिकारियों क्रमशः प्रो. अंजनी कुमार घोष एवं डॉ. दिव्या मिश्रा के समन्वित एवं सामूहिक प्रयासों से किया गया। इस क्रम को आगे बढ़ाते हुए मगध विश्वविद्यालय के दो अंगीभूत महाविद्यालयों, गया कॉलेज, गया तथा सच्चिदानंद सिन्हा महाविद्यालय, औरंगाबाद में दो अलग-अलग छह दिवसीय आवासीय एफडीपी का सफलतापूर्वक आयोजन एवं समापन किया गया। इन आवश्यकता अनुरूप कार्यक्रमों के माध्यम से उच्च शिक्षा में कार्यरत शिक्षकों को समकालीन शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप अपने ज्ञान, कौशल एवं शिक्षण दक्षताओं को समृद्ध करने का अवसर प्राप्त हुआ।
