सामना संवाददाता / मुंबई
दिवाली का जश्न खत्म होते ही आम जनता पर महंगाई का नया हमला होने जा रहा है। त्योहारों के दौरान खरीदारी में जेब खाली कर चुके लोगों को अब रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे। स्मार्टफोन, टीवी, फ्रिज जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान से लेकर बिस्कुट, नमक, सॉस और मसालों तक की कीमतें बढ़ने वाली हैं। कंपनियां कच्चे माल और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी का हवाला देकर कीमतें बढ़ा रही हैं, लेकिन इसका पूरा बोझ आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने वाला है। महंगाई पर काबू पाने के दावे करने वाली सरकार के राज में आम आदमी के लिए घर चलाना लगातार मुश्किल होता जा रहा है।
पिछले कुछ महीनों में पाम तेल, चीनी, दूध और पैकेजिंग सामग्री की कीमतों में सात फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। इसका हवाला देकर ब्रिटानिया ने पांच और दस रुपए वाले बिस्कुट के पैकेट का वजन घटाने और कीमतें बढ़ाने के संकेत दिए हैं। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने नमक, सॉस और मसालों के नए बढ़े हुए दाम लागू कर दिए हैं। यानी अब ग्राहकों को ज्यादा पैसे देकर कम सामान खरीदना पड़ेगा। महंगाई की यह दोहरी मार सीधे आम आदमी के घरेलू बजट पर पड़ने वाली है। इलेक्ट्रॉनिक सामान भी महंगाई की चपेट में है। सैमसंग और शाओमी ने स्मार्टफोन व टैबलेट की कीमतों में १८ फीसदी तक बढ़ोतरी की है।
महंगाई ने छीनी स्मार्टफोन की स्मार्टनेस!
महंगाई का असर बाजार में भी दिखने लगा है। २० हजार रुपए से कम कीमत में ५-जी स्मार्टफोन खरीदना मुश्किल होता जा रहा है। ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश लख्यानी के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में दिवाली के बाद मोबाइल बिक्री में ४० फीसदी की गिरावट आई है। अगले सात से दस दिनों में दूसरी कंपनियों भी कीमतें बढ़ा सकती हैं। सवाल यह है कि जब सामान की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, तो आम आदमी की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार कब कदम उठाएगी?
