-विरार-चर्चगेट फास्ट लोकल में दो यात्रियों के
-झगड़े का शिकार बना तीसरा निर्दोष
जेदवी / मुंबई
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें अब यात्रियों के लिए सुरक्षित सफर के बजाय जान जोखिम में डालने का माध्यम बनती जा रही हैं। पश्चिम रेलवे के उपनगरीय नेटवर्क पर चाकूबाजी की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने रेलवे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि जून में मयंक लोहार हत्याकांड के बाद रेलवे ने सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन कुछ महीने बीतते ही वे दावे हकीकत से दूर नजर आने लगे हैं। ताजा घटना में विरार-चर्चगेट फास्ट लोकल में दो यात्रियों के विवाद के दौरान ५३ वर्षीय निर्दोष यात्री सुरेश शर्मा चाकू लगने से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब १२.२१ बजे ट्रेन संख्या ९०४२२ अंधेरी से रवाना हुई थी। इसी दौरान दो यात्रियों के बीच विवाद हुआ और एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू फेंक दिया। निशाना चूकने से चाकू सायन निवासी सुरेश शर्मा के सीने में जा लगा। यात्रियों ने आपातकालीन जंजीर खींचकर ट्रेन रुकवाई। बांद्रा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर घायल यात्री को उतारकर प्राथमिक उपचार के बाद भाभा अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस ने नासिक निवासी २५ वर्षीय आरोपी शिवा गायकवाड को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।
