– मुंबईकरों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसाने वाली मनपा सड़कों की धुलाई पर करेगी करोड़ों खर्च
-३७७ सड़कों की सफाई के लिए पानी कहां से आएगा, टैंकरों पर किसका होगा नियंत्रण?
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में एक तरफ आम नागरिकों को १० फीसदी पानी कटौती का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (मनपा) सड़कों की धुलाई पर ८.२५ करोड़ रुपए खर्च करने की तैयारी में है। धूल और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के नाम पर मनपा ने अपनी सड़क धुलाई योजना को फिर से सामने रखा है।
इस योजना के तहत मुंबई की ३७७ सड़कों, यानी करीब ६७७ किलोमीटर के रास्तों की १५० दिनों तक धुलाई की जाएगी। इसके लिए २१३ पानी के टैंकर तैनात करने की योजना है। सवाल यह है कि जब मुंबई में पानी बचाने की अपील की जा रही है, तब सड़कों पर पानी बहाने की इतनी बड़ी योजना की जरूरत और प्राथमिकता क्या है?
गौरतलब है कि अक्टूबर में मनपा की स्थायी समिति ने पानी की किल्लत और जारी १० फीसदी कटौती का हवाला देते हुए इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। अब प्रदूषण बढ़ने के बीच इसे नए सिरे से पेश किया गया है। मनपा का दावा है कि सड़कों की धुलाई में पीने के पानी का इस्तेमाल नहीं होगा। इसके लिए पुनर्चक्रित पानी, कुओं और बोरवेल के पानी का उपयोग किया जाएगा, लेकिन पानी कहां से आएगा, उसकी उपलब्धता कितनी है और ठेकेदारों पर निगरानी कैसे होगी, इन सवालों का स्पष्ट जवाब अभी जरूरी है।
