सामना संवाददाता / मुंबई
`हम गढ़े गए, हम बढ़े, हम लड़े और जीते भी… केवल आपकी वजह से! आपके विचार आज भी मार्ग दिखाते हैं, राख से उठकर ऊंची उड़ान भरने की प्रेरणा देते हैं। इस ऋण से कभी उऋण नहीं हो सकते। हम सदैव केवल नतमस्तक हैं,’ ऐसी भावनाएं व्यक्त करते हुए हजारों शिवसैनिकों ने कल हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे को आदरांजलि अर्पित की। अवसर था शिवसेनाप्रमुख के १४वें स्मृति दिवस का। अपने प्यारे `साहेब’ को अभिवादन करने आए शिवसैनिकों की अटूट निष्ठा और अपार श्रद्धा से पूरा `शिवतीर्थ’ (शिवाजी पार्क) भावविभोर हो उठा। `अमर रहें, अमर रहें, बालासाहेब अमर रहें…’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने भी शक्तिस्थल पर नतमस्तक होकर साहेब को वंदन किया। शिवसेना नेता एवं युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे, रश्मि ठाकरे और तेजस ठाकरे ने भी स्मृतिस्थल पर चंपा के फूल चढ़ाकर शिवसेनाप्रमुख को आदरांजलि अर्पित की।
देश की राजनीति में एक युग का निर्माण करने वाले बालासाहेब ठाकरे ने मराठी मन में अस्मिता की चिंगारी जलाई। हिंदुत्व की रक्षा के लिए खड़े होकर राष्ट्रधर्म जगाया। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक लाखों लोगों को जीने का संबल दिया। इसी कारण करोड़ों दिलों में बालासाहेब के प्रति प्रेम और आत्मीयता की भावना है। इसी भावना से बालासाहेब के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए कल शिवतीर्थ पर लोगों का तांता लगा रहा। महाराष्ट्र सहित देश के कोने-कोने से शिवसैनिक और प्रशंसक शिवतीर्थ पहुंचे और साहेब की तस्वीर के सामने नतमस्तक हुए। पुराने और वरिष्ठ शिवसैनिकों ने साहेब की यादों को ताजा किया। कार्यालयीन कामकाज का दिन होने के बावजूद भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही थी। सुबह सात बजे से शुरू हुआ भीड़ का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। स्मृतिस्थल पर अखंड जल रही ज्योति को साक्षी मानकर शिवसैनिकों ने बालासाहेब के प्रखर विचारों की मशाल हमेशा प्रज्वलित रखने का संकल्प लिया।
एक व्यंग्य चित्रकार के रूप में शुरू हुआ सफर महाराष्ट्र की राजनीति पर गहरी छाप छोड़ने वाले नेतृत्व तक पहुंचाने वाले हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे राज्य के सार्वजनिक जीवन के एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व थे। उनकी प्रभावी संवाद शैली, स्पष्ट राजनीतिक भूमिकाओं और संगठन कौशल ने महाराष्ट्र की राजनीतिक चर्चा को एक अलग दिशा दी।
-शरद पवार, अध्यक्ष, राष्ट्रवादी कांग्रेस
साहेब, आज आपकी जरूरत थी!
साहेब के आदेश को सिर-आंखों पर रखकर अन्याय के खिलाफ सीधे टकराने वाला शिवसैनिक भावुक नजर आया। `आज साहेब को होना चाहिए था, आज की परिस्थितियों को देखकर रोज साहेब की याद आती है। यदि आज साहेब होते, तो किसी की इतनी हिम्मत नहीं होती कि वह शिवसेना की ओर टेढ़ी नजर से भी देख सके। भले ही आज साहेब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके दिए हुए विचार और उन्होंने हमारी कलाइयों में जो ताकत भरी है, वह आज भी कायम है। ऐसा एक भी पल नहीं बीतता जब साहेब की याद न आती हो,’ यह कहते हुए शिवसैनिकों की आंखें नम हो गर्इं।
