-पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान को लेकर सरकार की नीति पर कांग्रेस का सवाल, शहीदों के परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने का लगाया आरोप
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद और धमकियों का सिलसिला थम नहीं रहा, लेकिन मोदी सरकार की कूटनीति का रंग बार-बार बदलता दिखाई दे रहा है। कभी पाकिस्तान को सबक सिखाने की हुंकार, कभी बातचीत से इनकार और अब दिल्ली में पाकिस्तानी मंत्री की मेहमाननवाजी! इसी दोहरे रवैये को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कटघरे में खड़ा किया है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक २० नवंबर को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल होने दिल्ली पहुंचे। इस मंच पर प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी और पाकिस्तानी मंत्री की भागीदारी को लेकर कांग्रेस ने तीखे सवाल दागे हैं।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर मोदी और मलिक की तस्वीर साझा करते हुए पूछा कि जिस व्यक्ति ने भारत के हाथ काटने और खून बहाने की धमकी दी थी, उसे भारत में इतना सम्मान क्यों दिया जा रहा है? कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि अभी तो बिरयानी भी खिलाएंगे और ताजमहल भी घुमाएंगे! पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भी सवाल उठाया कि पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के जख्म अभी भरे नहीं हैं और सरकार पाकिस्तानी प्रतिनिधियों का स्वागत कर रही है। दरअसल, मुसादिक मलिक ने जून में सिंधु जल संधि को लेकर भारत को धमकी देते हुए हाथ काटने और खून बहाने जैसी भाषा का इस्तेमाल किया था। अब उसी मंत्री की दिल्ली में मौजूदगी ने सरकार की पाकिस्तान नीति पर बहस छेड़ दी है।
`पाकिस्तान पर मोदी सरकार की नीति क्या है?’
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने भी सरकार की नीति को अस्पष्ट बताते हुए पूछा है कि आखिर पाकिस्तान को लेकर केंद्र का वास्तविक रुख क्या है? दूसरी ओर भाजपा नेता नलिन कोहली का कहना है कि पाकिस्तान को कोई विशेष निमंत्रण नहीं दिया गया, यह बहुपक्षीय आयोजन है और आतंकवाद जारी रहने तक द्विपक्षीय बातचीत नहीं होगी।
