-भाजपा विधायक मुनगंटीवार ने अपनी ही सरकार को घेरा, पूछा- जब किसान तैयार नहीं तो इतनी जबरदस्ती क्यों?
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में विकास के नाम पर किसानों की जमीन हासिल करने को लेकर महायुति सरकार की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। चंद्रपुर जिले में प्रस्तावित औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) परियोजना के लिए किसानों की इच्छा के विरुद्ध जमीन की माप किए जाने से तनाव बढ़ गया है। हैरानी की बात यह है कि किसानों के विरोध के बीच पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक तथा पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने ही सवाल खड़े कर दिए हैं। मुनगंटीवार ने उद्योग मंत्री से बातचीत करने और २२ नवंबर को प्रभावित किसानों से चंद्रपुर में मुलाकात कर समस्या सुलझाने की बात भी कही है। जानकारी के मुताबिक, गोंडपिपरी क्षेत्र के १२ गांवों के किसानों ने अपनी जमीन औद्योगिक परियोजना के लिए देने का विरोध किया है। इसके बावजूद चेकबोरगांव और धानापुर क्षेत्र में जमीन की माप करने प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए।
