– खरीद प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के आरोप
– १,२०० करोड़ की जरूरत, खरीद महज ३०० करोड़ की!
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई मनपा के अस्पतालों में दवाओं की भारी किल्लत ने मनपा की स्वास्थ्य व्यवस्था और दवा खरीद प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मनपा अस्पतालों में सालाना करीब १,२०० करोड़ रुपए की दवाओं की जरूरत होने के बावजूद अब तक महज ३०० करोड़ रुपए की खरीद किए जाने का मुद्दा मनपा सदन में जोरदार तरीके से उठा। दवाओं की कमी के चलते इलाज के लिए मनपा अस्पतालों का रुख करने वाले मरीजों को जरूरी दवाएं बाहर की निजी मेडिकल दुकानों से खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसे में गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को मुफ्त इलाज मुहैया कराने का मनपा का दावा सवालों के घेरे में है।
कांग्रेस के गटनेता अशरफ आजमी ने दवा खरीद प्रक्रिया में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए मनपा प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पॉट कोटेशन के जरिए होने वाली खरीद में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गुंजाइश है। टेंडर मंजूर होने के बावजूद कई कंपनियां समय पर दवाओं की आपूर्ति नहीं करतीं, जिससे अस्पतालों में दवाओं और चिकित्सा सामग्री का संकट बना रहता है। इस लापरवाही का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। आजमी ने खरीद प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्थायी समिति के प्रस्ताव के अनुसार तीन लाख रुपए से अधिक की खरीद के लिए टेंडर अनिवार्य है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जेम पोर्टल के जरिए १० लाख रुपए तक की खरीद की अनुमति दी गई है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया के तहत दवाएं और चिकित्सा सामग्री २५ से ३० प्रतिशत अधिक कीमत पर खरीदी जा रही हैं।
वहीं कांदिवली स्थित करीब २०० करोड़ रुपए की लागत से बने शताब्दी अस्पताल को निजी संस्था के हवाले करने के प्रस्ताव का विपक्ष ने विरोध किया और मनपा की नीति पर सवाल उठाए। राष्ट्रवादी कांग्रेस की पार्षद सईदा खान ने भी दवा खरीद प्रक्रिया में देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि दवा खरीद के १२ शेड्यूल पिछले दो वर्षों से लंबित हैं।
