कविता श्रीवास्तव
त्योहारों का मौसम है इसलिए जाहिर है कि बाजारों में रौनक बढ़ी है और घरों में खुशियों का माहौल हैं। लेकिन यह भी सच है कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की खुशियों पर आर्थिक दबाव भी बढ़ाया है। अनाज, खाद्य तेल, सब्जियों और रसोई की दूसरी आवश्यक वस्तुओं के दामों में भारी वृद्धि हुई है। इससे आम परिवारों का बजट बिगड़ रहा है। वहीं, इंडियन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (आहार) की ओर से होटल और रेस्तरां के मेन्यू की कीमतें बढ़ाने पर विचार किए जाने की खबरों ने उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ा दी है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर सीमित आमदनी में आम आदमी त्योहारों की खुशियां कैसे मनाए? आमतौर पर महंगाई की सबसे ज्यादा मार गरीब, मजदूर, दिहाड़ी कामगार और निम्न-मध्यम वर्गीय परिवारों पर ही पड़ती है। इन परिवारों की आमदनी में कोई वृद्धि नहीं हुई है, जबकि रोजमर्रा की जरूरतों पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है। नतीजतन, जरूरतों में कटौती करनी पड़ रही है। कहीं सब्जियों की खरीद कम हो रही है, तो कहीं दाल, तेल और दूसरी आवश्यक वस्तुओं के खर्च में संतुलन बनाने की कोशिश की जा रही है। महाराष्ट्र में सूखे और प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों के कारण सब्जियों की आवक भी प्रभावित है। बाजार पर दबाव बढ़ा है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि का असर सीधे उपभोक्ताओं पर ही पड़ता है। मुंबई में, बड़ी आबादी सीमित आय में अपना गुजारा करती है। खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी उनके परिवारों के मासिक बजट को सीधे प्रभावित करती है। खाद्य सामग्री, गैस, बिजली, किराये और कर्मचारियों पर होने वाला खर्च बढ़ने से होटल और रेस्तरां कारोबार की लागत भी बढ़ती है। ऐसे में यदि होटलों के डिशेज की कीमतें बढ़ती हैं, तो इसका असर बाहर भोजन करने वाले रोजाना के कर्मचारियों, विद्यार्थियों और छोटे कारोबारियों पर भी पड़ेगा। कुछ चिंतकों को कहना है कि बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र और महाराष्ट्र सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों और आपूर्ति की नियमित निगरानी, जमाखोरी और कालाबाजारी पर कार्रवाई तथा उचित मूल्य पर सब्जियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही, किसानों से उपभोक्ताओं तक आपूर्ति व्यवस्था मजबूत करने और जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। महंगाई केवल आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि आम आदमी के जीवन और सम्मान से जुड़ा सवाल है। त्योहारों का उत्साह बरकरार है, लेकिन बढ़ते खर्चों के कारण कई परिवारों को खरीदारी और खानपान में कटौती करनी पड़ रही है। सरकार और प्रशासन को समझना होगा कि आम जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि प्रभावी नीतियों और समयबद्ध राहत की जरूरत है। त्योहारों की असली रौनक तभी कायम रहेगी, जब हर परिवार अपनी मेहनत की कमाई से बुनियादी जरूरतें पूरी करने के साथ खुशियां भी मना सके।
