सामना संवाददाता / मुंबई
कांदिवली-पूर्व स्थित समतानगर के उत्तर क्षेत्र पुलिस मुख्यालय के पास कई वर्षों से की जा रही मांग के बाद भी अभी तक सिग्नल नहीं लग पाया है। यहां पीक समय में लंबा ट्रैफिक जाम लगता है। ट्रैफिक पुलिस को जाम से मुक्ति दिलाने में पसीने छूट जाते हैं। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि कई बार मनपा को सूचित करने के बाद भी सिग्नल लगाने का काम अब तक अधूरा है।
समतानगर ट्रैफिक विभाग के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले ट्रैफिक पुलिस की तरफ से मुंबई महानगरपालिका को पत्र सौंपा गया है और सिग्नल लगाने की बात कही गई है। पत्र लिखने के ६ महीने बाद मनपा की टीम आई और सर्कल का मुआयना किया, लेकिन सिग्नल अभी तक नहीं लग पाया है। सिग्नल न होने के कारण ट्रैफिक पुलिस पर अधिक दबाव बढ़ रहा है। अधिकारी ने बताया कि अगर सिग्नल लग जाता है तो जाम की समस्या कम हो जाएगी। जिस पुलिसकर्मी को यहां ड्यूटी के लिए लगाते हैं, उनका बेहतर इस्तेमाल कहीं और जरूरतमंद जगह हो सकता है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मनपा सिग्नल लगाने में आनाकानी कर रही है। समतानगर के निवासी चंदन मिश्रा ने बताया कि इस इलाके में आए दिन ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है, लेकिन मनपा प्रशासन को कोई फर्क नहीं पड़ता है। इलाके में कॉलेज, कार्यालय व उत्तर विभाग का पुलिस मुख्यालय है। यही वजह है कि इस इलाके में यातायात का दबाव अधिक है, लेकिन इसके बावजूद मनपा ने अब तक कोई एक्शन नहीं लिया। इस मामले में जब `दोपहर का सामना’ ने मनपा के आर दक्षिण विभाग के सहायक आयुक्त मनीष साल्वे से बातचीत करने की कोशिश की तो उन्होंने किसी प्रकार का जवाब नहीं दिया।
