कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन की विस्फोटक शतकीय पारियों के दम पर भारतीय टीम ने दूसरे वनडे में अफगानिस्तान को १७० रनों के विशाल अंतर से हराकर तीन मैचों की सीरीज पर कब्जा जमा लिया। लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने २-० की अजेय बढ़त हासिल कर ली। सीरीज का अंतिम मुकाबला २० जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने ४९.५ ओवर में ४०२ रन बनाकर अफगानिस्तान के सामने ४०३ रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा। यह वनडे क्रिकेट में आठवां अवसर है, जब भारत ने ४०० से अधिक का स्कोर खड़ा किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और यशस्वी जायसवाल महज चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद रोहित शर्मा ने ४८ रनों की तेज-तर्रार पारी खेली और शुभमन गिल के साथ ८७ रनों की साझेदारी की। हालांकि, मैच का रुख तब बदला जब शुभमन गिल और ईशान किशन ने तीसरे विकेट के लिए २२४ रनों की रिकॉर्ड साझेदारी कर अफगानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। शुभमन गिल ने ११० गेंदों में १५४ रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें २२ चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं ईशान किशन ने ७९ गेंदों पर १२५ रन ठोकते हुए १४ चौके और सात छक्के जड़े। ४०३ रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ४४.३ ओवर में २३२ रन पर सिमट गई। रहमत शाह ने सर्वाधिक ७९रन बनाए, जबकि सेदिकुल्लाह अटल (४२) और रहमानुल्लाह गुरबाज (४१) ने संघर्ष किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने अफगानी बल्लेबाजी टिक नहीं सकी। भारत ने शानदार जीत के साथ सीरीज अपने नाम कर ली।
