मुख्यपृष्ठनए समाचारमनपा चुनावों से पहले शुरू हुआ महायुति में महाफूट पर महाप्रपंच!

मनपा चुनावों से पहले शुरू हुआ महायुति में महाफूट पर महाप्रपंच!

-फडणवीस, शिंदे, दादा की देर रात बैठक में भी नहीं बनी बात

सामना संवाददाता / नागपुर

महाराष्ट्र में मनपा चुनावों से पहले सत्ताधारी महायुति में गहराती फूट ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया था। भाजपा और शिंदे गुट के बीच दूरी इतनी बढ़ गई कि दोनों दल स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ सकते हैं, ऐसी चर्चा जोरों में है। लेकिन इससे महायुति को भारी नुकसान होगा, इस संभावना को देखते हुए महायुति के महाफूट को लेकर महाप्रपंच शुरू हो गया है। महायुति खेमे में इसे सुलझाने के लिए बैठकों का दौर शुरू है। इसी कड़ी में कल देर रात सीएम आवास पर देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के बीच एक अहम बैठक संपन्न हुई। सूत्रों का दावा है कि इस बैठक में भी बात नहीं बनी है। तीनों दलों के नेताओं का एक साथ आने का मन तो है, लेकिन उनके पक्ष में ही फूट की गुंजाइश भी बरकरार है।
यह बैठक फडणवीस के रामगिरी निवास पर हुई, जिसमें केंद्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विधायक आशीष शेलार उपस्थित थे। बैठक में महापालिका चुनावों की तैयारी, स्थानीय स्तर पर बने शक्ति-संतुलन और महायुति घटक दलों के बीच बढ़ रही नाराजगी पर विस्तार से चर्चा हुई।
सहयोगी दलों को दुख मत दो
बैठक में महायुति के भीतर पक्ष-प्रवेश पर बढ़ते विवाद पर भी विचार हुआ। सीएम ने नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी नए व्यक्ति को दल में शामिल करते समय यह ध्यान रखें कि महायुति या उसके सहयोगी दलों की भावनाएं आहत न हों। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि हर किसी दल को अपना विस्तार करने का अधिकार है। इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।
महायुति को है हार का डर
सूत्रों के मुताबिक, हार के डर से महायुति में मुंबई और ठाणे सहित प्रमुख महानगरपालिकाओं में साझा रणनीति पर सकारात्मक चर्चा करते हुए एक साथ लड़ने का संकेत दिया है। माना जा रहा है कि महायुति को उसके अंदरूनी सर्वेक्षण से रिपोर्ट मिली है कि आगामी मनपा चुनाव में उसे भारी नुकसान होगा।

अन्य समाचार