आलिया भट्ट ने २०१२ में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से बॉलीवुड में कदम रखा और इसके बाद कई हिट फिल्मों में काम किया, जैसे हाईवे, २ स्टेट्स और हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया। लेकिन २०१५ में आई उनकी फिल्म ‘शानदार’ बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही। हाल ही में उनके पिता महेश भट्ट ने खुलासा किया कि इस असफलता ने आलिया को अंदर तक झकझोर दिया था। उन्होंने कहा कि लगातार सफल फिल्मों के बाद यह पहली असफलता आलिया के लिए एक बड़ा झटका था। भले ही वह बाहर से मजबूत दिखाई देती हो पर असफलता का असर गहरा होता है। महेश भट्ट ने यह भी कहा कि इंडस्ट्री में कोई भी सितारा ऐसा नहीं जो असफलता से बचा हो, चाहे वह राज कपूर जैसे महान कलाकार ही क्यों न हों। उन्होंने यह कहा कि असफलता कलाकारों को उनके इंसान होने का अहसास दिलाती है और यह हर किसी के जीवन का हिस्सा होती है।
