सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य के परिवहन मंत्री का पद जब से प्रताप सरनाईक से संभाल रखा है, तब से नित नई-नई घोषणाएं करते रहते हैं। अब उन्होंने राज्य में बाइक टैक्सी सेवा शुरू होने से पहले ही उसका न्यूनतम किराया फिक्स कर दिया है। यह सेवा कब शुरू होगी, इसकी अधिकृत घोषणा अभी तक नहीं की गई है, परंतु न्यूनतम किराया फिक्स कर दिया गया है।
गौरतलब हो कि महाराष्ट्र स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एसटीए) ने राज्य में बाइक टैक्सी का न्यूनतम किराया १.५ किलोमीटर के लिए १५ रुपए तय किया है, यह जानकारी अधिकारियों ने गत सोमवार को दी। इसके साथ अधिकारियों ने यह भी कहा कि यात्रियों को इस सेवा के लिए १०.२७ रुपए प्रति किलोमीटर का भुगतान करना होगा। बता दें कि राज्य सरकार ने एक लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में बाइक टैक्सी और बाइक पूलिंग सेवाएं संचालित करने की अनुमति दी थी और एक शासकीय आदेश (जीआर) भी जारी किया था। राज्य सरकार ने ४ जुलाई, २०२५ को ‘महाराष्ट्र बाइक टैक्सी नियम-२०२५’ पर एक अधिसूचना भी जारी की थी।
हालांकि, अधिकृत रूप से बाइक टैक्सियां अभी शुरू नहीं की गई हैं, परंतु बाइक टैक्सी फिलहाल अवैध रूप से चल रही हैं। परिवहन विभाग के अनुसार, मुंबई महानगरीय क्षेत्र में अैवध रूप से चलाई जा रही १२३ बाइक टैक्सियों के खिलाफ आरटीओ ने मामले दर्ज किए हैं।
खटुआ पैनल के फॉर्मूले का इस्तेमाल
रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (आरटीओ) के एक अधिकारी ने बताया कि ‘स्टेट ट्रांसपोर्ट सचिव संजय सेठी की अध्यक्षता में एसटीए ने १८ अगस्त को हुई बैठक में किराए को मंजूरी दी और ये पूरे राज्य में लागू होगा। ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी ने किराया तय करने के लिए खटुआ पैनल के फॉर्मूले का इस्तेमाल किया है, जिसे ऑटोरिक्शा और टैक्सियों के भाड़े तय करने में भी लागू किया जाता है।
