राजेश सरकार / प्रयागराज
शहर से सटे नैनी क्षेत्र में शंकरढाल बाजार के एक व्यापारी को बेकाबू स्कार्पियो ने भीषण टक्कर मारी जिससे हवा में वह काफी दूर जा गिरे। उनका जबड़ा, मस्तिष्क फट गया और सीने पर गंभीर चोट लगी है। नैनी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर सोमवार बीती रात हुए इस हादसे में घायल व्यापारी को गंभीर हालत में लखनऊ इलाज के लिए ले जाया गया है। लखनऊ के मेदांता अस्पताल में आईसीयू में भर्ती व्यापारी की हालत अभी तक गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद स्कार्पियो समेत चालक फरार हो गया। जिसे सीसीटीवी फुटेज के जरिये तलाशा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार जीतलाल केसरवानी पुत्र स्वर्गीय दशरथ लाल केसरवानी निवासी शंकरढाल बीती सोमवार की रात अपने घर के सामने शिव मंदिर में प्रतिदिन की भांति मंदिर की साफ सफाई करने के बाद ताला लगाकर घर की तरफ लौट रहे थे। तभी शहर की तरफ से आ रही बेकाबू तेजरफ्तार स्कार्पियो ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। घायल व्यापारी के छोटे भाई रमेशचंद्र केसरवानी ने बताया कि उनके भाई के सीने, सिर में गंभीर चोट लगी है। जबड़े और नाक की हड्डी टूट गई है। व्यापारी के साथ हुए इस हादसे के बाद शंकर ढाल के व्यापारियों में गम और गुस्से का माहौल है।
