मुंबई की सड़कों पर पड़े गड्ढों और ट्रैफिक जाम की वजह से जहां लोग रोजाना हलकान होते हैं, वहीं सोशल मीडिया पर जाम में फंसी एंबुलेंस को देख ‘जग्गू दादा’ जैकी श्रॉफ का गुस्सा जमकर फूटा है। जल्द ही फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ में नजर आनेवाले जग्गू दादा द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इस वीडियो को देखने के बाद लोगों का गुस्सा जमकर फूटा है। वायरल हो रहे वीडियो में जाम में फंसे जैकी की कार के आगे खड़ी एंबुलेंस का सायरन बजने के बावजूद कोई भी उसे रास्ता देने को तैयार नहीं है। जाम में फंसी एंबुलेंस को देख जैकी गुस्से में कहते हैं, ‘रास्ते पर दम तोड़ देगा। कोई रोड बनाना चाहिए या इन लोगों को समझना चाहिए आगे ड्राइवर लोगों को। मगर इतना खोपड़ी किधर है?’ वायरल हो रहे वीडियो को देखने के बाद एक यूजर ने लिखा, ‘आजकल लोगों के पास इंसानियत नहीं बची।’ दूसरे ने लिखा, ‘दादा रोड क्वॉलिटी को लेकर भी वीडियो बनाओ। गड्ढे इतने हैं कि आधा ट्रैफिक उससे ही हो जाता है।’ एक और ने लिखा, ‘रोड की स्थिति पर भी कुछ बोल दो।’
