एशियन गेम्स २०२६ में भारत के एमएमए खिलाड़ी वरुण सान्याल का अभियान मुकाबले में उतरने से पहले ही खत्म हो गया। पुरुषों की पारंपरिक ७७ किग्रा श्रेणी के क्वार्टर फाइनल से पहले वजन कम करने की कोशिश में सान्याल सॉना में बेहोश हो गए। चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें मुकाबले के लिए अनफिट घोषित कर दिया गया। सॉना में अचानक उन्हें चक्कर आया और वे बेहोश हो गए। जांच में डिहाइड्रेशन और मांसपेशियों में ऐंठन की बात सामने आई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। एक अधिकारी के अनुसार, अब उनकी स्थिति में सुधार है और वे खतरे से बाहर हैं। सान्याल की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुई थीं। नगोया पहुंचने के बाद उन्हें आवास के लिए १० घंटे से अधिक समय तक भटकना पड़ा। सिस्टम में नाम दर्ज नहीं होने के कारण उन्हें अलग-अलग सुविधाओं के चक्कर लगाने पड़े। आखिरकार कमरा मिलने के बाद भी दो अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने उसी कमरे के आवंटन का दावा किया।
